स्वतंत्र आवाज़
word map

सामाजिक जिम्मेदारियां निभाएं-हरीश रावत

बाजपुर में सर्व धर्म विवाह समारोह में आशीर्वाद ‌दिया

मुख्यमंत्री ने कीं क्षेत्र के विकास की कई घोषणाएं

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 28 December 2015 02:17:06 AM

cm harish rawat in bazpur in all religion marriage ceremony

बाजपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सर्व धर्म विवाह समारोह में हिंदू, मुस्लिम, सिख एवं इसाई धर्म के 40 नव दंपत्तियों के गृहस्थ जीवन में प्रवेश करने पर उन्हें आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यहां के एक मैरिज हाल में उन्होंने कहा कि वही समाज आगे बढ़ता है, जिस समाज के लोग सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाते हैं। उन्होंने इस महान कार्य को संपन्न कराने के लिये हरेंद्र सिंह लाडी व ढिल्लन परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बाजपुरवासी भी बधाई के पात्र हैं, क्योंकि वे सर्व धर्म विवाह समारोह को पारिवारिक उत्सव मानकर भाग लेते हैं। उन्होंने इस अवसर पर सभी धर्म गुरूओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने विवाह कार्यक्रम में अपनी प्राथमिकताओं और विकास योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार हमेशा गरीबों के लिए कार्य करती है। उन्होंने कहा देश में उत्तराखंड ही एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां ग़रीबों के लिए सबसे अधिक विभिन्न प्रकार की पेंशन योजनाएं चलाई जा रही हैं, पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष प्रदेश सरकार विकास कार्यों पर एक हजार करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च करने जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में दो लाख पछहत्तर हजार लोगों की पेंशन स्वीकृत हुई, इस वर्ष 6 लाख से अधिक लोगों को पेंशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को पेंशन देकर यह आंकड़ा 10 लाख तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के बुजुर्ग अनुयायियों के लिए निःशुल्क तीर्थ यात्राओं की व्यवस्था की गई है, अगले वर्ष से हेमकुंड साहिब की यात्रा भी प्रारंभ की जाएगी।
हरीश रावत ने कहा कि बाजपुर चीनी मिल को आधुनिक बनाए जाने के प्रयास किए जा रहे है, उन्होंने कहा बाजपुर में मार्च 2016 से पूर्व नर्सिग कॉलेज की नींव रखी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बाजपुर के अंतर्गत हरसान के आंतरिक मार्गों का निर्माण कार्य, गजरौला से उझानी तक मार्ग का निर्माण, केशोवाला बैलपड़ाव मार्ग से बाया काली मंदिर होते हुए इठव्वा बेतड़ी मार्ग का पुर्ननिर्माण, भैसियातौल केंद्र से खंबारी तक मार्ग का पुर्ननिर्माण, शिवनगर नूरपूर मार्ग का पुर्ननिर्माण, एनएच-309 से ग्राम रहमतुल्ला चंदनपुरा होते हुए सरदार नगर बन्ना खेड़ा मार्ग का पुर्ननिर्माण व बाजपुर जंगीनाला मोटर मार्ग के सौंदर्यकरण का कार्य कराने की घोषणा की।
उत्तराखंड के राजस्व मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि उत्तराखंड के साथ-साथ बाजपुर भी विकास की दौड़ में आगे चल रहा है। दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री हरेंद्र सिंह लाडी ने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के आने पर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी प्रसाद गंगवार, सहकारी बैंक के अध्यक्ष संजीव आर्य, पूर्व सांसद केसी सिंह बावा, बेगम नूर बानों, हरवंश सिंह ढिल्लन, नारायण सिंह बिष्ट, डीआईजी पुष्कर सिंह सैलाल, सीडीओ आशीष श्रीवास्तव, एसएसपी केवल खुराना, जनप्रतिनिधि और जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]