स्वतंत्र आवाज़
word map

डॉन छोटा राजन इंडोनेशिया में गिरफ्तार

मुंबई पुलिस की राजन को भारत लाने की तैयारी

छोटा राजन के मुंबई में गैंगवॉर से उठेगा पर्दा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 26 October 2015 05:56:26 AM

chhota rajan

नई दिल्ली/ बाली। भारत की आर्थिक नगरी मुंबई सहित कई स्‍थानों पर गैंगवॉर, हत्याओं और वसूली में वांछित एवं मुंबई बम धमाकों के सूत्रधार और सैकड़ों निर्दोष लोगों के पाकिस्तान में छिपे हत्यारे दाऊद इब्राहिम के नंबर वन दुश्मन छोटा राजन कई दशकों तक फरार रहने के बाद इंडोनेशिया के बाली शहर में गिरफ्तार कर लिया गया है। बाली के पुलिस प्रवक्ता हेरी वियांतो ने बताया है कि ऑस्ट्रेलियाई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इंडोनेशियाई प्रशासन ने राजेंद्र सदाशिव निकालजे उर्फ ‘छोटा राजन’ को रविवार को लोकप्रिय रिजोर्ट आयलैंड बाली पहुंचने पर गिरफ्तार कर लिया गया। भारत की पुलिस ने भी इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है और वह छोटा राजन की प्रत्यर्पण की तैयारी कर रही है।
छोटा राजन की गिरफ्तारी से दाऊद इब्राहिम को खुशी ता हो सकती है, साथ ही उसे यह चिंता सता सकती है कि छोटा राजन उसके बारे में और भी सुराग उगलेगा, जो उसके लिए और ज्यादा परेशानी साबित होंगे। भारत के इस कथित माफिया सरगना को दो दशकों से भारत की पुलिस तलाश कर रही है और जब उसपर शिकंजा कसा तो वह देश से फरार होकर विभिन्न देशों से भारत में अपना गैंग चलाने लगा। उसकी दाऊद इब्राहिम से पेशेवर प्रतिद्वंदिता के चलते विदेश में रहना भी खतरों से भरा रहा। कई बार दाऊद के गुर्गों ने पुलिस और मीडिया को बताया भी कि वह छोटा राजन को खत्म करेंगे।
भारत में सत्ता परिर्वतन के बाद छोटा राजन इस फिराक में रहा है कि भारत सरकार और मुंबई पुलिस उसका पीछा न करे और वह दाऊद इब्राहिम को किसी तीसरे देश में पकड़वाने या मरवाने में भूमिका निभा सकता है। सिडनी से बाली पहुंचने पर छोटा राजन की गिरफ्तारी किस रणनीति का हिस्सा है, यह तो आगे की जांच कार्रवाई पर ही पता चलेगा, किंतु यह साफ हो गया है कि वह दिन दूर नहीं है, जब यह सुना जाएगा कि दाऊद इब्राहिम भी किसी तीसरे देश में पकड़ लिया गया है या मार दिया गया है।
बहरहाल बाली के पुलिस प्रवक्ता हेरी वियांतो ने बताया कि इंटरपोल ने उसे 1995 में ही वांछित घोषित कर दिया था, उन्हें रविवार को कैनबरा पुलिस से एक हत्यारे के बारे में रेड कॉर्नर नोटिस के संबंध में सूचना मिली थी, हमने रविवार को उसे हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया, तब हमें पता चला कि छोटा राजन है और इस आदमी पर भारत में 15 से 20 हत्याओं में शामिल होने का आरोप था। बाली पुलिस, इंटरपोल और भारतीय प्रशासन से समन्वय कर रही है, अब उसे भारत प्रत्यार्पित किए जाने की संभावना है।
ऑस्ट्रेलियाई फेडरल पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि कैनबरा में इंटरपोल ने इंडोनेशियाई प्रशासन को सतर्क कर दिया था, जिसने भारतीय प्रशासन की अपील पर छोटा राजन को गिरफ्तार कर लिया। संघीय पुलिस ने पिछले महीने पुष्टि की थी कि छोटा राजन अलग पहचान के साथ ऑस्ट्रेलिया में रह रहा है। पुलिस प्रवक्ता ने इसके अलावा कोई और जानकारी नहीं दी थी। इंटरपोल की वेबसाइट पर जानकारी के अनुसार छोटा राजन भारतीय शहर मुंबई में पैदा हुआ था और हत्या तथा अवैध हथियार रखने समेत कई मामलों में वांछित था। छोटा राजन के भारत आने पर बहुत सारे मामलों के खुलने की उम्मीद बढ़ गई है और उन लोगों की नींद उड़ गई है, जो अब तक मुंबई या भारत के किसी हिस्से में रहकर उसके साथ अपना गैंग या व्यावसाय चला रहे थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]