स्वतंत्र आवाज़
word map

देश को गांधी जयंती पर शुभकामनाएं!

गांधीजी दुर्लभ दूरदृष्टि वाले असाधारण क्रांतिकारी

भारत से दक्षिण अफ्रीका तक विभिन्न कार्यक्रम

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 2 October 2015 12:42:42 AM

mahatma gandhi

नई दिल्ली। भारत में आज महात्मा गांधी की जयंती मनाई जा रही है। भारत से लेकर दक्षिण अफ्रीका तक गांधी जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भारत में बड़े पैमाने पर सरकारी और गैर सरकारी स्वयं समूहों के साफ-सफाई अभियान और गांधीदर्शन पर सेमिनार और योजनाओं का आयोजन किया गया है। मुख्य कार्यक्रम साबरमति में आयोजित हो रहे हैं। राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने गांधी जयंती पर राष्‍ट्र के नाम संदेश जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि गांधी जयंती एक ऐसा दिन है, जब हमें बापू के अहिंसा, शांति और सहिष्‍णुता के आदर्श के प्रति पुन: समर्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधीजी दुर्लभ दूरदृष्टि वाले असाधारण क्रांतिकारी थे, उनके निधन पर पंडित जवाहरलाल नेहरू ने कहा था कि रोशनी चली गई है फिर भी यह हजारों साल तक चमकती रहेगी।
राष्‍ट्रपति ने कहा कि गांधीजी ने जो आदर्श दिए वे हमारे सामूहिक जीवंत विरासत का हिस्‍सा हैं, यह विरासत उनके समानता के आदर्श से गुंथी हुई है, यह विविधता हमारी बहुलता वाली संस्‍कृति, हमारी कई भाषाओं, धर्मों और और अलग-अलग जीवन पद्धतियों का उत्‍सव है, यही वह विचार है, जिसने भारत की स्‍वतंत्रता के लिए लड़ने वाले लोगों को आंदोलित किया, लोकतंत्र के प्रति हमारी गहरी और अभिन्‍न आस्‍था इसी विचार से निकली है। राष्‍ट्रपति ने कहा कि हम आज भी इन्‍हीं आदर्शों से प्रेरित हो रहे हैं, हम इन आदर्शों के प्रति सिर्फ इसलिए प्रतिबद्ध नहीं हैं कि ये हमारे अतीत हैं, बल्कि इसलिए हैं कि ये हमारे भविष्‍य हैं। प्रणब मुखर्जी ने कहा कि इस अवसर पर मैं देशवासियों से यह अपील करता हूं कि महात्‍मा गांधी की शिक्षाओं को ग्रहण करें और इन्‍हें अपने कार्यों में इस्‍तेमाल करें, उनकी दृष्टि हमें मौजूदा चुनौतियों से लड़ने में राह दिखाए और हमें एक मजबूत और उदीयमान भारत को बनाने में मदद करे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सवेरे महात्मा गांधी जयंती पर राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट गए और उनकी समाधि पर पुष्प अर्पित किए। राजघाट पर पहुंचने वालों में और भी राजनेता शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने गांधी जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी गांधी जयंती पर नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि गांधीजी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि गांधीजी के सत्य, अहिंसा और विश्वबंधुत्व के रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ कृष्णकांत पाल ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जन्म दिवस पर राज्य के सभी नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सदैव वंचित वर्ग के जीवन उत्थान तथा सामाजिक सौहार्द के लिए कार्य किया। राज्यपाल ने जय जवान-जय किसान का नारा देने वाले लाल बहादुर शास्त्री को सादगी की प्रतिमूर्ति बताते हुए उनके जीवन-आचरण को आज के परिप्रेक्ष्य में और अधिक प्रासंगिक बताया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गांधी जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्‍त्री को भी याद किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]