स्वतंत्र आवाज़
word map

कुंभ नगरी में आग से 19 लोग घायल

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 26 January 2013 08:11:09 AM

fire in allahabad kumbh

कुंभ नगरी, इलाहाबाद। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इलाहाबाद कुंभ क्षेत्र में हुई अग्नि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। कुंभ मेला प्रशासन ने कुंभ नगरी के सेक्टर 11 में गैस सिलेंडर लीक होने से हुए अग्निकांड में 18 कल्पवासियों के घायल होने की बात कही है, जिनमें 6 की दशा गंभीर बताई जा रही है। घायलों में 8 पुरुष, 7 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। बच्चों में 2 लड़कियां एवं 1 लड़का है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अग्निकांड में घायल लोगों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हुए, उनके इलाज एवं देखभाल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि कुंभ क्षेत्र के सेक्टर-11 में त्रिवेणी क्षेत्र के पास साकेत धाम आश्रम में शुक्रवार को सायं करीब पांच बजे गैस सिलेंडर लीक होने से हुए अग्निकांड में ये लोग घायल हुए हैं।
मंडलायुक्त देवेष चतुर्वेदी ने इस मामले में फायर ब्रिगेड, पुलिस, प्रशासन तथा चिकित्सकों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए बताया कि बीस मिनट में ही आग पर काबू पा लिया गया, गैस लीक होने के बावजूद आग पकड़ चुके तीन स्विस टेंटों से आगे आग को नहीं फैलने दिया गया। सभी घायल कल्पवासियों को कुंभ मेला क्षेत्र में स्थित आधुनिक सामान्य रोग केंद्रीय चिकित्सालय में आरंभिक इलाज के बाद बिना समय गंवाए, इलाहाबाद के स्वरूप रानी बर्न सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में विशेषज्ञों के हवाले कर दिया गया है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]