स्वतंत्र आवाज़
word map

अरविंद कुमार जैन यूपी के नए डीजीपी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 31 January 2015 06:11:58 AM

arvind kumar jain, new dgp of uttar pradesh

लखनऊ। अरविंद कुमार जैन उत्तर प्रदेश के नए पुलिस महानिरीक्षक एवं महानिदेशक बनाए गए हैं। उन्होंने अभी तक डीजीपी एके गुप्ता का स्‍थान लिया है, जिन्होंने आज अवकाश ग्रहण किया है। वर्ष 1979 बैच के आईपीएस अधिकारी अरविंद कुमार जैन को पुलिस महानिदेशक (विभागाध्यक्ष) के पद पर तैनात किया है। प्रमुख गृह सचिव देबाशीष पंडा ने बताया कि अरविंद कुमार जैन की तैनाती अभी तक पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण के पद पर थी। अरविंद कुमार जैन ने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का पदभार ग्रहण कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक एवं महानिदेशक के पद पर एके गुप्ता का कार्यकाल एक माह का रहा। राज्य सरकार ने उनके सेवा विस्तार के लिए भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा था, किंतु समयानुसार राज्य सरकार को कोई उत्तर नहीं मिला और एके गुप्ता सेवानिवृत्त हो गए। इनके स्‍थान पर अरविंद कुमार जैन को डीजीपी बनाया गया है। इस पद की दौड़ में और भी नाम चल रहे थे, किंतु राज्य सरकार की दृष्टि में इस पद हेतु अरविंद कुमार जैन सर्वाधिक उपयुक्त पाए गए। अरविंद कुमार जैन राज्य के कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस कप्तान के रूप में एवं उसके बाद विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर तैनात रहे हैं और उनकी गिनती पुलिस के कुशल अधि‌कारियों में होती है।
अरविंद कुमार जैन का गृह जनपद सहारनपुर है। एसवीपी एनपीए हैदराबाद और पीटीसी-प्रथम मुरादाबाद में प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत वे सहायक पुलिस अधीक्षक, प्रशिक्षणाधीन मेरठ एवं सहायक पुलिस अधीक्षक बरेली, अभिसूचना, अपर पुलिस अधीक्षक लखनऊ, पुलिस अधीक्षक नगर आगरा, वाराणसी, बरेली, पुलिस अधीक्षक, फिरोजाबाद, फतेहपुर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फैजाबाद, पुलिस अधीक्षक हरिद्वार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आगरा, सेनानायक 44वीं वाहिनी पीएसी मेरठ, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गाजियाबाद, सेनानायक 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद, उप प्रधानाचार्य पीटीसी द्वितीय मुरादाबाद, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के पदों पर नियुक्त रहे हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक के पद पर प्रोन्नत होकर पुलिस उपमहानिरीक्षक (हाउसिंग एवं वेलफेयर) पुलिस मुख्यालय इलाहाबाद, पुलिस उपमहानिरीक्षक रेलवे इलाहाबाद, पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र, पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी मुख्यालय लखनऊ, पुलिस उपमहानिरीक्षक आगरा परिक्षेत्र, संयुक्त निदेशक सतर्कता अधिष्ठान लखनऊ, पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र रहे।
अरविंद कुमार जैन 2001 में पुलिस महानिरीक्षक के पद पर प्रोन्नत हुए और पुलिस महानिरीक्षक स्थापना मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ जोन, वाराणसी जोन, पुलिस महानिरीक्षक (हाउसिंग एवं वेलफेयर) पुलिस मुख्यालय इलाहाबाद, पुलिस महानिरीक्षक ईओडब्ल्यू, पुलिस महानिरीक्षक लखनऊ जोन, पुलिस महानिरीक्षक पीएसी मुख्यालय लखनऊ के पदों पर रहे। वर्ष 2009 को अपर पुलिस महानिदेशक के पद पर प्रोन्नत होकर अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अपराध द्वितीय, अपर पुलिस महानिदेशक रेलवेज़ लखनऊ, अपर पुलिस महानिदेशक पीटीसी मुरादाबाद, अपर पुलिस महानिदेशक डॉ भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद के पदों पर नियुक्त रहे हैं और वहीं पर 2013 में पुलिस महानिदेशक के पद पर प्रोन्नत हुए एवं पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण निदेशालय लखनऊ में कार्यरत रहे। आज पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के पद पर नियुक्त हुए। अरविंद कुमार जैन को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस मेडल एवं विशिष्ट सेवाओं के लिये राष्ट्रपति का पुलिस मेडल मिल चुका है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]