स्वतंत्र आवाज़
word map

राजनाथ सिंह भाजपा के फिर से अध्‍यक्ष

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 23 January 2013 07:23:58 AM

lk advani and rajnath singh

नई दिल्‍ली। राजनाथ सिंह को भाजपा का फिर से अध्‍यक्ष घोषित कर दिया गया है। राजनाथ सिंह के खिलाफ कोई अन्‍य प्रत्‍याशी नहीं था, इसलिए उन्‍हें निर्विरोध अध्‍यक्ष चुना गया है। राजनाथ सिंह दूसरी बार भाजपा के अध्‍यक्ष बने हैं। अध्‍यक्ष बनने के बाद अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने केंद्र की कांग्रेस नीत यूपीए सरकार को निशाने पर लिया। इससे पहले मंगलवार की शाम को नितिन गडकरी ने भाजपा अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा दे दिया, जिसे उनकी भाजपा में सेवाओं की प्रशंसा के साथ स्वीकार कर लिया गया।
नितिन गडकरी दोबारा अध्‍यक्ष बनाए जाने का भाजपा में कई नेता विरोध कर रहे थे। भाजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष लालकृष्ण आडवाणी भी इसके खिलाफ थे। मंगलवार को आरएसएस के वरिष्ठ नेता सुरेश सोनी ने लालकृष्ण आडवाणी से उनके आवास पर मुलाकात की, लेकिन आडवाणी ने साफ कर दिया कि गडकरी और उनसे जुड़ी कंपनियों पर चल रही आयकर जांच कभी भी पार्टी का नुकसान कर सकती है।
मंगलवार को ही मुंबई में आयकर विभाग ने पूर्ति कंपनी में निवेश करने वाली कुछ कंपनियों के नौ ठिकानों पर छापे की कार्रवाई को अंजाम दिया। पूर्ति ग्रुप ने हालॉकि एक रिलीज जारी कर सफाई दी कि आयकर विभाग की ताज़ा छापेमारी का उससे कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन इसी मामले में भाजपा गडकरी को एक फरवरी को आयकर विभाग के सामने पेश भी होना है। आयकर विभाग ने उन्‍हें नोटिस भेजा था, जिस पर कई बड़े भाजपा नेता असहज थे। इस पर अध्यक्ष पद के चुनाव के ऐन पहले उन्होंने कहा कि मैं नहीं चाहता हूं कि मेरे ऊपर जो आरोप लगे हैं, उनके चलते भाजपा को कोई नुकसान पहुंचे, इसीलिए मैं इस्तीफा दे रहा हूं। उनके इस्‍तीफे के बाद राजनाथ सिंह को भाजपा का अध्‍यक्ष बनाने की तैयारी शुरू हो गई। बुधवार सुबह बीजीपी संसदीय दल की बैठक में इस पर फैसला हो गया और राजनाथ सिंह के नाम की घोषणा कर दी गई।
भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद राजनाथ सिंह ने आक्रामक रुख अपनाया और गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के बयान के खिलाफ देशभर में आंदोलन चलाने की घोषणा की। राजनाथ सिंह ने लालकृष्‍ण आडवाणी को अपना मार्गदर्शक बताया और 2014 में चुनाव जीतकर भाजपा की सरकार बनाने की उम्मीद जताई। उनका कहना था कि वे अध्यक्ष को पद की तरह नहीं बल्कि एक दायित्व की तरह ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पद स्वीकार करने की परिस्थितियां सुखद नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता नितिन गडकरी की कर्मठता, साफगोई, खुलेपन पर कोई सवाल नहीं उठा सकता है, हम सबकी इच्छा थी कि वह दूसरी बार अध्यक्ष बनें, लेकिन उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोप गलत साबित होने तक त्यागपत्र दिया है, भाजपा नितिनजी के साथ है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस की वजह से ही आज देश मुश्किलों से गुजर रहा है, लोगों को भाजपा से उम्मीद है और हम इसे पूरा करके दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अटलजी और आडवाणीजी के नेतृत्व में सरकार चलाई है, तब दुनिया के अर्थशास्त्रियों ने कहा था कि 2030 तक भारत काफी शक्तिशाली देश बन जाएगा, लेकिन कांग्रेस सरकार ने देश को मुश्किलों के रास्ते पर डाल दिया है, हमारे पड़ौसियों के साथ रिश्ते काफी खराब हैं और सरकार कूटनीतिक तौर पर भी असफल है, सरकार आतंकवाद की लड़ाई के प्रति भी गंभीर नहीं है, भाजपा इसकी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि उनकी मेहनत से ही आडवाणीजी की अगले चुनावों के बाद सरकार बनाने की इच्छा पूरी होगी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि राजनाथ सिंह एक अनुभवी नेता हैं, वह पहले भी भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष रह चुके हैं, उनका लंबा राजनीतिक जीवन रहा है, उनके भाजपा अध्‍यक्ष बनने पर शुभकामनाएं। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनाथ सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उन्‍हें प्रशासन और संगठन का काफी अनुभव है, वह किसानों के हिमायती हैं, उनके कार्यकाल में भाजपा को काफी फायदा होगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]