स्वतंत्र आवाज़
word map

कश्मीर के बच्चों का देश भ्रमण

गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने उत्साह बढ़ाया

भारत अनेकता में एकता वाला देश-गृह राज्यमंत्री

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 17 December 2014 06:31:45 AM

kashmir school children meet kiren rijiju

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर राज्य के कश्मीर क्षेत्र के 45 स्कूली बच्चों के एक समूह ने गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू से मुलाकात की। ये बच्चे 10 से 6 वर्ष की आयु के बीच के हैं और भारत दर्शन यात्रा पर निकले हैं। इस यात्रा को सीमा सुरक्षा बल ने आयोजित किया है, जो सात दिसंबर से 18 दिसंबर 2014 तक चलेगी। बच्चों को संबोधित करते हुए किरण रिजिजू ने कहा कि भारत अनेकता में एकता वाला देश है। उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि वे भारत की समृद्ध संस्कृति और उसकी सुंदरता को देखें, जिसके बल पर भारत एकता के सूत्र में बंधा है और दिन प्रतिदिन मजबूत होता जा रहा है।
किरण रिजिजू ने भारत दर्शन के आयोजन और भारत राष्ट्र की समृद्धि विरासत को देखने का कश्मीर के बच्चों को यह अवसर प्रदान करने के लिए सीमा सुरक्षा बल की सराहना की। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे वापस लौट कर अपने अनुभव को अपने परिवार वालों और मित्रों से साझा करें। उन्होंने बच्चों को पूर्वोत्तर राज्यों का दौरा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया है। उल्लेखनीय है कि जम्मू-कश्मीर के बच्चों को भारत दर्शन यात्रा पर ले जाने का काम वर्ष 2000 में शुरू किया गया था, ताकि वहां के बच्चे भारत की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, औद्योगिक, प्रौद्योगिकीय और वैज्ञानिक प्रगति से परिचित हो सकें। सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक डीके पाठक, गृह मंत्रालय की सीमा प्रबंधन सचिव स्नेहलता कुमार तथा गृह मंत्रालय और सीमा सुरक्षा बल के आला अधिकारी भी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]