स्वतंत्र आवाज़
word map

महिलाएं अपने धर्म मार्ग पर चलें-मंजू शर्मा

राष्ट्र सेविका समिति ने मनाया विजय दशमी उत्सव

कन्या भ्रूण हत्याएं अभिशाप हैं, इनको रोका जाए

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 6 October 2014 03:41:18 AM

nation seva committee celebrates vijay dashmi festival

जयपुर। राष्ट्र सेविका समिति जयपुर महानगर की ओर से रविवार को विजय दशमी उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में शस्त्र पूजन, बौद्धिक और पथ संचलन निकाला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की महिलाओं के बीच में काम करने वाली राष्ट्र सेविका समिति की स्थापना भी विजयी दशमी के दिन हुई थी। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राष्ट्र सेविका समिति की प्रांत कार्यवाहिका डॉ मंजू शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि सेविका समिति 1936 से हिंदू महिलाओं के संगठन एवं उनके शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए प्रयासरत है।
मंजू शर्मा ने समिति की प्रार्थना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महिलाओं की आशा और आकांक्षाओं की सुंदरतम अभिव्यक्ति है, इसमें उच्च मूल्यों को प्राप्त करने के साथ-साथ श्रेष्ठ शक्ति का आशीर्वाद प्राप्त करने की भावना निहित है, यह मातृभूमि का वंदन और विश्व शक्ति के साथ इस दिव्य मार्ग पर चलने की शक्ति देती है, मातृभूमि के चरणों में अपना जीवन अर्पण करने का भाव हमारे समाज और देश की विशेषता है। उन्होंने कहा कि हिंदू महिलाओं का श्रेष्ठ चरित्र, शील एवं निष्ठा, जिसके सामने समस्त विश्व नतमस्तक होता है, हे मातृभूमि! ऐसा पवित्र सतित्व तुम अपनी पुत्रियों को प्रदान करो! हम दुराचार, दुष्वृत्तियों का विध्वंस करने और पिता-पुत्र एवं भाईयों को सुमार्ग दिखाने वाली बनें! हम सुशीला, धैर्यवान, सामर्थ्यवान संगठित होकर अपने धर्म के मार्ग पर चलने में समर्थ हों!
मुख्य अतिथि ईटीवी राजस्थान की प्रस्तोता डॉ अनिता हाडा सांगवान ने कहा कि शिक्षा बालिकाओं के लिए जरूरी है, इससे आत्मसम्मान और आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के साथ देश के लिए काम करना भी महिलाओं का दायित्व है, हमेशा से ही महिलाएं पुरूषों से एक कदम आगे ही रहती हैं, देश में निर्माण में उनकी भूमिका को और ज्यादा मजबूत करना होगा। उनका कहना था कि महिलाएं मेंटली रूप से स्ट्रोंग रहती हैं और रहनी ही चाहिएं। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष सरोज कुमारी ने की। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य राष्ट्र सेवा है, हमारे देश में बालक और बालिका को बराबर समझा जाता है, लेकिन कन्या भ्रूण हत्याएं होती हैं, कन्या भ्रूण हत्या हमारे देश के लिए अभिशाप है, इन्हें हर हाल में रोका जाए। इस अवसर पर राजस्थान उप क्षेत्र की कार्यवाहिका प्रमिला शर्मा और महानगर कार्यवाहिका विजया नागा मौजूद थीं। कार्यक्रम के बाद राष्ट्र सेविका समिति जयपुर महानगर की ओर से वैशाली नगर में पथ संचलन भी निकाला गया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]