स्वतंत्र आवाज़
word map

श्रीकांत जोशीःराष्ट्र सेवा समर्पित जीवन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 15 January 2013 08:10:15 AM

srikanth joshi

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं हिन्दुस्थान का  समाचार के संरक्षक व मार्गदर्शक श्रीकांत जोशी की याद में सोमवार को दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन कल्ब में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रीकांत जोशी का इसी महीने आठ तारिख को मुंबई में निधन हो गया था। श्रद्धांजलि सभा में सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुये सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी ने कहा कि उन्होंने संघ गीत ‘तन समर्पित, मन समर्पित और यह जीवन समर्पित...’ को पूर्णत: यथार्थ में परिणित किया। उन्होंने कहा कि श्रीकांत जोशी का जीवन प्रेरणा का केंद्र रहा और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनकेकाम को आगे बढ़ाएं।
भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि श्रीकांत जोशी की प्रबल इच्छा थी, कि देश की पत्रकारिता में राष्ट्रीय भाव का संचार हो, इसी दृष्टिकोण को आगे रखते हुए उन्होंने सभी अवरोधों को लांघते हुए हिन्दुस्थान समाचार को दोबारा खड़ा किया। नवोत्थान लेख सेवा के संपादक एवं वरिष्ठ स्तंभकार कुलदीप चंद्र अग्निहोत्री ने कहा कि उनके काम की यदि तुलना कि जाए तो मालवीयजी ने जिस तरह से काशी हिंदू विश्वविद्यालय के लिए काम किया, उसी तरह से श्रीकांत जोशी ने भी हिन्दुस्थान समाचार के लिये काम किया। वह दिन के 24 घंटे केवल हिन्दुस्थान समाचार के बारे में ही सोचते थे।
श्रीकांत जोशी को याद करते हुये हिन्दुस्थान समाचार संवाद समिति के अध्यक्ष नंद किशोर त्रिखा ने कहा कि अंत समय तक वह हिन्दुस्थान समाचार के लिए काम करते रहे। उनका मानना था कि सत्य का संवाद होना चाहिए और उसको लेकर कोई विवाद नहीं होना चाहिए। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के संगठन मंत्री सोमनाथ केलकर ने कहा कि वह हिन्दुस्थान समाचार के साथ-साथ श्रीकांत जोशी ग्राहक पंचायत का काम भी देखते थे। कार्यकर्ता और अन्य अभावों के बावजूद उन्होंने संगठन को खड़ा किया। मंच का संचालन करते हुये हिन्दुस्थान समाचार के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिरुद्ध शर्मा ने कहा कि कुछ लोग वक्त के सांचे में ढल जाते हैं, और कुछ लोग वक्त के सांचे बदल जाते हैं और श्रीकांत जोशी ऐसे ही थे।
इस मौके पर राष्ट्रीय पत्रकारिता कल्याण न्यास के अध्यक्ष एनएम घटाटे, भाजपा के संगठन मंत्री रामलाल, भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, संघ के सहप्रांत संघचालक श्याम सुंदर अग्रवाल, दिल्ली प्रवर समिति के अध्यक्ष दीनदयाल अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]