'संघर्ष के सफर का नायक मुलायम' पुस्तक का विमोचनस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 18 January 2014 07:46:50 PM
नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति एम हामिद अंसारी ने कल यहां एक समारोह में 'संघर्ष के सफर का नायक मुलायम' नामक पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक के लेखक ओमवीर तोमर हैं। विमोचन समारोह उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद मुलायम सिंह यादव के अमृत महोत्सव के अवसर पर आयोजित किया गया था।
उपराष्ट्रपति ने विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि किसान हमारे देश का आधार हैं और उन्होंने इस देश की उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जब तक किसान खुश नहीं होते, तब तक देश समृद्ध नहीं हो सकता। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का उदाहरण दिया, जिन्होंने 'जय जवान, जय किसान' का नारा दिया था। जब ये दो लोग उन्नति करेंगे तो देश भी उन्नति करेगा। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव में किसान और जवान दोनों के गुण हैं। उपराष्ट्रपति ने लेखक को भी बधाई दी और कहा कि यह एक उपयोगी पुस्तक है। इस अवसर पर मुलायम सिंह यादव भी मौजूद थे।