स्वतंत्र आवाज़
word map

यूपी कभी चाचा के हवाले तो कभी पिता के हवाले

भाजपा लाओ देश बचाओ संकल्प रैली में पंकज सिंह ने कहा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 4 October 2013 08:43:43 AM

pankaj singh

अंबेडकरनगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह ने कहा है कि उत्तर प्रदेश की जनता भी परिवर्तन लाने के पक्ष में है और वह पूरी तरह से सोच चुकी है कि कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकना है, जाति व मजहब के नाम पर लोगों को बरगलाने वालों की भी अब चलने वाली नहीं है, क्योंकि केंद्र व प्रदेश की सरकार के नेतृत्व से आम जनता परेशान है। पंकज सिंह ने मुख्यालय पर कटरिया याकूबपुर बाग में आयोजित भाजपा लाओ देश बचाओ संकल्प रैली में कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधान सभा चुनाव के समय लंबे वादे किये थे, जिनमें बेरोज़गारी भत्ता, लैपटाप तथा टैबलेट वितरण प्रमुख रूप से शामिल था, लेकिन इसमें भी गड़बड़ी है, जिससे नौजवान अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बेरोज़गार जब भत्ते के लिए लाइन लगाता है, तो उसे अब बेरोज़गारी भत्ता देने के बजाय पुलिस की लाठियां खानी पड़ती हैं, युवा मुख्यमंत्री आज जाति व धर्म का चश्मा लगाकर प्रदेश की जनता को देख रहे हैं, जिसमें ग़रीब पिस रहा है, उत्तर प्रदेश की बागडोर कभी चाचा के हवाले तो कभी पिता के हवाले इस निर्णय से प्रदेश पूरी तरह से चौपट हो रहा है। पंकज सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे के सभी मुख्यमंत्रियों को भेजे गये उस पत्र पर भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है, जिसमें कहा गया है कि अल्पसंख्यकों के खिलाफ कार्रवाई न की जाए‌। उन्होंने कहा कि आज केंद्र तथा प्रदेश की सरकार रिमोट से चलाई जा रही है, केंद्र में एक रिमोट हे तो उत्तर प्रदेश में चार-चार रिमोट प्रदेश चला रहे हैं।
संकल्प रैली में संतकबीर नगर लोकसभा सीट के पूर्व प्रत्याशी शरद त्रिपाठी ने कहा कि 18 महीने की सरकार में सौ से अधिक दंगे हो चुके हैं, आज समय है कि प्रदेश तथा देश की जनता जातिवाद तथा धर्मवाद से उठकर राष्ट्रवाद से जुड़कर भाजपा को मजबूत करे, जिससे आने वाले समय में देश व प्रदेश में सुशासन कायम हो। कार्यक्रम के संयोजक रमाशंकर सिंह के अथक प्रयास से इस जिले में बीते कई वर्ष बाद यह एक ऐतहासिक रैली हुई, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। इतना ही नहीं महिलाएं, दलितों तथा पिछड़े वर्ग के भी लोग भारी संख्या में मौजूद रहे। भाजपा के राष्ट्रीय नेता नरेंद्र मोदी को जब से भाजपा में प्रधानमंत्री पद का दावेदार घोषित किया गया है, इस क्षेत्र में भाजपा में जान आ गई है। यहां का युवा बेहद उत्साह में है और वह वास्तव में परिवर्तन में अपनी भूमिका निभाने के लिए उत्साहित है। इस संकल्प रैली की सफलता इस बात का प्रमाण है कि इस पूरा इलाका भाजपा का परचम लहराने को तैयार है।
रैली को विशिष्ट अतिथि के रूप में मुकुट विहारी वर्मा, रूदौली विधायक रामचंदर यादव, अर्जुन सिंह, कार्यक्रम संयोजक रमाशंकर सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भारती सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञानसागर सिंह, यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, डॉ राजितराम त्रिपाठी, जिला महामंत्री अमरनाथ सिंह, रामचंद्र उपाध्याय, नागेंद्र देव सिंह, सहकारी समिति जिलाध्यक्ष शिवनायक वर्मा, आदित्यनाथ शुक्ला, पूर्व विधायक त्रिवेणीराम आदि पदाधिकारियोंने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामप्रकाश यादव ने की तथा संचालन भाजपा महामंत्री इंद्रमणि शुक्ल एडवोकेट ने किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]