स्वतंत्र आवाज़
word map

मध्यान्ह भोजन के रसोईयों को ट्रेनिंग

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 19 August 2013 11:47:38 AM

नई दिल्‍ली। मध्यान्ह भोजन के पोषण मूल्य संबंधी रसोईयों व सहायकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। मध्यान्ह भोजन की कैलोरी तथा पोषक तत्वों संबंधी जानकारी के प्रसार के लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अनुरोध पर पर्यटन मंत्रालय ने चुनिंदा रसोईयों/सहायकों को प्रशिक्षण देने के लिए सहमति दी है। यह प्रशिक्षण होटल प्रबंधन संस्थान व फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट देगा। दस दिन का एक पूर्ण अवधि का अध्ययन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें खाद्य सामग्री की पोषकता बनाए रखने के लिए पकाने की विधियों, कुपोषणता संबंधी विषयों तथा पोषकता के स्तरों के मानदंडों के बारे में जागरुकता, हाथों को नियमित रुप से धोने की महत्ता तथा संचार कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
स्वच्छ व पौष्टिक भोजन तैयार करना रसोईयों/सहायकों के ज्ञान व कुशलता पर निर्भर करता है, इसलिए यह प्रशिक्षण शुरु किया गया है। छब्‍बीस संस्थानों में से प्रत्येक में 30 रसोईयों के एक-एक समूह को प्रशिक्षण दिया जाएगा। राज्य सरकारों व केंद्र शासित प्रदेशों के प्रशासनों को प्रत्येक संस्थानों के लिए अपने-अपने राज्यों से 30 रसोईयों/सहायकों का नामांकन करने को कहा गया है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]