राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह से मिले असम की विधानसभा के अध्यक्ष
असम में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री हिमंता के प्रयासों को सराहास्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 3 September 2026 01:31:35 PM
नई दिल्ली। असम विधानसभा के अध्यक्ष रणजीत कुमार दास ने केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह से नई दिल्ली में मुलाकात की और उनसे असम के बदलते स्वरूप और देश के विकास पथ में उसके बढ़ते महत्व पर विमर्श किया। डॉ जितेंद्र सिंह ने असम में तीव्र विकास पर कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के विभिन्न प्रयासों से राज्य में जनकल्याण की परियोजनाएं सुचारू रूपसे चल रही हैं। उन्होंने एक दशक में असम में हुई विकास की प्रगति केबारे में बताया। डॉ जितेंद्र सिंह ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में नवाचार, वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रौद्योगिकी आधारित विकास को बढ़ावा देने को केंद्र सरकार की प्राथमिकता बताया।
राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह और असम विधानसभा अध्यक्ष ने असम में विज्ञान प्रौद्योगिकी अवसंरचना के विस्तार, स्टार्टअप और व्यवसाय विकास केंद्रों को प्रोत्साहन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग और जैव प्रौद्योगिकी विभाग के कार्यक्रमों के जरिए युवाओं में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर वृहद चर्चा की। राज्यमंत्री ने असम विधानसभा अध्यक्ष को अंतरिक्ष विभाग और परमाणु ऊर्जा विभाग के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, जिनका उपयोग दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में विकास कार्यों केलिए किया जा सकता है, इसमें योजना, आपदा प्रबंधन और कृषि उत्पादकता केलिए भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी का उपयोग शामिल है। डॉ जितेंद्र सिंह ने कहाकि असम, जो पहले मुख्य रूपसे विरोध प्रदर्शनों और उग्रवाद की ख़बरों में रहता था, इस एक दशक में यह काफी बदल गया है, शांति कायम होने से राज्य अपनी पिछली चुनौतियों से उबर चुका है और व्यापक विकास की ओर अग्रसर है। डॉ जितेंद्र सिंह ने उत्तर पूर्वी क्षेत्र के विकास में अपने सात वर्ष के अनुभव साझा किए।