स्वतंत्र आवाज़
word map

स्वीडन तक रवींद्रनाथ टैगोर की विरासत संग्रहित

भारत स्वीडन के प्रधानमंत्रियों के बीच स्मृति उपहारों का आदान-प्रदान

गुरुदेव रवींद्रनाथ की स्वीडन की ऐतिहासिक यात्रा का यह शताब्दी वर्ष!

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 18 May 2026 01:29:34 PM

exchange of commemorative gifts between the prime ministers of india and sweden

स्टॉकहोम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने शांति सम्मान नोबेल से सम्मानित गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की विरासत को रेखांकित करते हुए विशेष स्मारक उपहारों का आदान-प्रदान किया। नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन द्वारा दिए गए उपहार में एक बॉक्स है, जिसमें गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की हस्तलिखित दो नीति वचनों (एपिग्राम) की प्रतिकृतियां, एक संक्षिप्त व्याख्यात्मक लेख और वर्ष 1921 में उप्साला विश्वविद्यालय की यात्रा के दौरान ली गई गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की एक तस्वीर थी।
स्वीडिश राष्ट्रीय अभिलेखागार में हालही में खोजे गए ये मूल दस्तावेज गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की वर्ष 1921 और 1926 में स्वीडन यात्राओं के दौरान तैयार किए गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन को रवींद्रनाथ टैगोर की संकलित रचनाओं का संग्रह भेंट किया, साथही शांतिनिकेतन का विशेष रूपसे हस्तनिर्मित एक बैग भी प्रदान किया, जिसपर वे रूपांकन (मोटिफ्स) अंकित हैं, जिन्हें गुरुदेव ने स्थानीय कारीगरों को सशक्त बनाने केलिए चुना था। यह बैग गुरुदेव टैगोर के उस दर्शन का प्रतीक है, जिसके अनुसार कला को केवल गैलरियों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उसे बौद्धिक और व्यावहारिकता केबीच के अंतर को समाप्त करते हुए दैनिक उपयोग की वस्तुओं में समाहित होना चाहिए।
हालांकि गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर वर्ष 1913 में नोबेल पुरस्कार प्राप्त करने केलिए स्वीडन की यात्रा नहीं कर सके थे, लेकिन जब उन्होंने वर्ष 1921 में स्वीडन का दौरा किया, तब किंग गुस्ताव पंचम ने उनका स्वागत किया था। ये उपहार भारत और स्वीडन केबीच साझा सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत के प्रतीक हैं और रवींद्रनाथ टैगोर की चिरस्थायी विरासत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उपहारों का यह आदान-प्रदान वर्ष 1926 में गुरुदेव की स्वीडन की ऐतिहासिक यात्रा के शताब्दी वर्ष पर हुआ है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]