स्वतंत्र आवाज़
word map

भोपाल की प्रसिद्ध अपर लेक में नौसैनिक नौकायन

युवाओं को प्रतिस्पर्धी जल क्रीड़ाओं केलिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया

नेवी चीफ एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने किया नौकायन का उद्घाटन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 18 May 2026 12:55:35 PM

naval sailing in bhopal's famous upper lake

भोपाल। भारतीय नौसेना ने भोपाल की प्रसिद्ध अपर लेक में अपने प्रमुख नौसैनिक नौकायन केंद्र की शुरूआत कर दी है। अपर लेक को भोजताल के नाम से भी जाना जाता है। इस अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने अपर लेक में नौसैनिक नौकायन का उद्घाटन किया। इसको यादगार बनाने केलिए आईएनडब्ल्यूटीसी विशाखापत्तनम के 30 से अधिक नौसैनिकों, नौसेना की रोइंग, कयाकिंग और कैनोइंग टीमों ने शानदार सेल परेड प्रस्तुत की। इस दौरान कयाकिंग, कैनोइंग और रोइंग के आकर्षक प्रदर्शन भी किए गए। गौरतलब हैकि नौसेना कर्मियों के प्रशिक्षण एवं विकास प्रक्रिया में जल कौशल प्रशिक्षण हमेशा से एक अभिन्न अंग है, जो उनके प्राथमिक कार्यक्षेत्र में आपसी सौहार्द, टीम भावना और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल को सक्रिय रूपसे प्रोत्साहित करता है।
नौसैनिक नौकायन केंद्र अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है और इसे भारतीय नौसेना की नौकायन टीम, नौसेना की रोइंग, कैनोइंग और कयाकिंग टीमों केसाथ ही राष्ट्रीय कैडेट कोर के प्रशिक्षण केलिए व्यापक रूपसे उपयोग किया जाएगा। वर्तमान में नौसेना नौकायन टीम के 34 सदस्यों में से 17 सदस्य मध्य प्रदेश से हैं। इस सुविधा का उद्देश्य राज्य के अधिकाधिक युवाओं को प्रतिस्पर्धी जल क्रीड़ाओं को अपनाने केलिए प्रेरित करना और उन्हें रक्षा बलों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओलंपिक और एशियाई खेलों केलिए विश्वस्तरीय खेल प्रतिभाओं के बढ़ावा देने के दृष्टिकोण को साकार करने की दिशामें एक महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रतिस्पर्धी खेलों में उत्कृष्टता को बढ़ावा देने और खेल प्रतिभाओं के दायरे का विस्तार करने संबंधी राष्ट्रीय खेल नीति के उद्देश्यों के अनुरूप भी है। 

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]