रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने बर्लिन में प्रवासी भारतीयों से किया संवाद
'भारत-जर्मनी साझेदारी को और मजबूत बनाने में योगदान जारी रखें'स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 22 April 2026 12:48:12 PM
बर्लिन। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जर्मनी की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के पहले दिन बर्लिन में भारतीय समुदाय से संवाद किया। उन्होंने लगभग 300000 सक्षम भारतीय प्रवासी समुदाय की प्रशंसा केसाथ-साथ उन्हें दोनों देशों केबीच सबसे मजबूत सेतु बताते हुए कहा हैकि उनका योगदान व्यापार, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और कला जैसे विभिन्न क्षेत्रों में विस्तारित है। रक्षामंत्री ने इस तथ्य को दोहरायाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत का कद बढ़ा है। उन्होंने जिक्र कियाकि पहले अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भारत की बातों पर ध्यान नहीं दिया जाता था, लेकिन आज पूरी दुनिया ध्यान से सुनती है।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जर्मनी में मौजूद भारतीयों से वैश्विक स्तरपर भारत के दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने का आग्रह किया। राजनाथ सिंह ने कहाकि वर्ष 2026 जर्मनी केसाथ राजनयिक संबंधों के 75 वर्ष पूर्ण होने का प्रतीक है, जो विश्वास, आपसी सम्मान और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित हैं। उन्होंने भारतीय प्रवासियों से आग्रह कियाकि वे अपनी विरासत से जुड़े रहते हुए भारत-जर्मनी साझेदारी को और मजबूत बनाने में अपना योगदान जारी रखें। उन्होंने विश्व के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले भारतीय प्रवासियों को सरकार के निरंतर समर्थन और सुरक्षा का आश्वासन देते हुए उनके प्रति देश की प्रतिबद्धता को दोहराया।
रक्षामंत्री ने भारत की तीव्र आर्थिक वृद्धि और तकनीकी प्रगति के बारेमें चर्चा करते हुए बुनियादी ढांचे, स्टार्टअप, अंतरिक्ष और डिजिटल नवाचार में हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहाकि आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना का उद्देश्य घरेलू क्षमताओं को मजबूत करना, विनिर्माण को बढ़ावा देना और आयात पर निर्भरता को कम करना है। राजनाथ सिंह ने इस संवाद को एक विशेष क्षण बताते हुए अपने पेशेवर दायित्वों के बावजूद उपस्थित होने केलिए भारतीय प्रवासियों का आभार व्यक्त किया। रक्षामंत्री ने कहाकि उनका और उनके प्रतिनिधिमंडल का उत्साहपूर्ण स्वागत भारत-जर्मनी की मजबूत और बढ़ती साझेदारी का प्रतीक है।