स्वतंत्र आवाज़
word map

डिजिटल मनोरंजन क्षेत्र में स्टार्टअप्स को अवसर

डीपीआईआईटी ने डिजिटल मनोरंजन कंपनी केसाथ किया समझौता

स्टार्टअप इंडिया कार्यक्रमों में भागीदारी व संपर्क प्रयासों को बढ़ावा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 26 March 2026 04:05:19 PM

dpiit signs agreement with digital entertainment company

नई दिल्ली। केंद्रीय उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी) ने स्टार्टअप और नवाचार परितंत्र को मजबूत करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए देशभर में स्टार्टअप, नवोन्मेषकों और उद्यमियों को समर्थन देने केलिए डिजिटल मनोरंजन कंपनी केसाथ समझौता किया है। इसका उद्देश्य डिजिटल मनोरंजन, ऑनलाइन गेमिंग, ई-स्पोर्ट्स, संवादात्‍मक मीडिया और एआई प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में इच्छुक स्टार्टअप्स को बढ़ावा देना है और संरचित उद्योग सहभागिता से उनको भविष्‍य में बढ़े हुए काम को सम्‍भालने और उद्योग-प्रासंगिक समाधान विकसित करने में सक्षम बनाना है।
इस पहल केतहत स्टार्टअप्स को मेंटरशिप, उद्योग जगत की जानकारी, ज्ञान आदान प्रदान के प्लेटफॉर्म और चुनिंदा सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह साझेदारी स्टार्टअप्स को प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट विकास, बाजार तक पहुंच और उद्योग परितंत्र में एकीकरण जैसे महत्वपूर्ण लक्ष्यों को प्राप्त करने में भी सहायता करेगी। डीपीआईआईटी के संयुक्त सचिव संजीव ने इस अवसर पर कहाकि यह सहयोग भारत की डिजिटल और रचनात्मक अर्थव्यवस्था को और ज्यादा मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहाकि ऐसी साझेदारियां स्टार्टअप्स को उभरते प्रौद्योगिकी क्षेत्रोंमें नवाचार, विस्तार और वैश्विक स्तरपर प्रतिस्पर्धी समाधान विकसित करने में सक्षम बनाती हैं। उन्होंने कहाकि डीपीआईआईटी क्राफ्टन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड केसाथ भारत स्टार्टअप ग्रैंड चैलेंज केतहत नवाचार चुनौतियों के आयोजन की संभावनाओं का पता लगाएगा।
यह गेम डिजाइन, एनीमेशन, इमर्सिव टेक्नोलॉजीज, ई-स्पोर्ट्स प्रबंधन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अनुप्रयोगों जैसे क्षेत्रोंमें लक्षित हैकाथॉन, कार्यशालाओं और मास्टरक्लास आयोजित करेगा। स्‍टार्टअप्‍स को उद्योग जगत के लोगों केबीच आपसी संवाद, ज्ञान का आदान प्रदान और वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा। चयनित स्टार्टअप्स को प्रायोगिक सहयोग के अवसर मिल सकते हैं और परिणामों के आधार पर आगे भी सहयोग जारी रहने की संभावना है। इसके अतिरिक्त स्टार्टअप इंडिया कार्यक्रमों में भागीदारी और संपर्क प्रयासों से एक परितंत्र के निर्माण में सहयोग से स्टार्टअप जगत में सहभागिता को बढ़ाया जा सकेगा। दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में डीपीआईआईटी के उप सचिव टीएलके सिंह और क्राफ्टन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के सरकारी संबंध प्रमुख विभोर कुकरेती ने नई दिल्ली में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]