संघ लोकसेवा आयोग की परीक्षा और चयन प्रक्रिया की सराहना की
यूपीएससी विश्व की सबसे बड़ी मेरिट बेस्ट सार्वजनिक भर्ती प्रणालीस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 25 March 2026 04:47:34 PM
नई दिल्ली। भूटान रॉयल सिविल सर्विस कमीशन (आरसीएससी) के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा प्रबंधन प्रणाली और स्वचालन प्रक्रियाओं के अध्ययन केलिए संघ लोकसेवा आयोग का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल में आरसीएससी के आयुक्त डॉ शेरिंग सिगे दोरजी, भूटान सिविल सेवा परीक्षा प्रमुख ताशी तोबगे और वरिष्ठ मानव संसाधन सहायक दोरजी वांगचुक प्रमुख रूपसे शामिल थे। यूपीएससी के अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने भूटानी प्रतिनिधिमंडल को संघ लोकसेवा आयोग की परीक्षा प्रक्रियाओं, परीक्षा उपरांत व्यवस्था और प्रौद्योगिकी आधारित तंत्रों की जानकारी दी, जो विश्व की सबसे बड़ी योग्यता आधारित सार्वजनिक भर्ती प्रणालियों में से एक है। डॉ अजय कुमार और भूटानी प्रतिनिधिमंडल ने पारदर्शिता, सत्यनिष्ठा, दक्षता और देश के विभिन्न केंद्रों में परीक्षा कराने के व्यापक प्रचालन व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
भूटान के प्रतिनिधिमंडल ने यूपीएससी के डिजिटल और एआई सक्षम उपकरण लाइव फेस मैचिंग, आधार प्रमाणीकरण, दोहराव हटाने वाले सॉफ्टवेयर, विभिन्न अनुप्रयोगों में एआई सुविधाओं और प्रतिभा सेतु पोर्टल में भी गहरी रुचि प्रदर्शित की। यूपीएससी के अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने कहाकि संघ लोकसेवा आयोग ने अपनी परीक्षा प्रक्रियाओं में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और योग्यता के उच्चतम मानक निरंतर कायम रखे हैं। उन्होंने कहाकि वर्षों से संघ लोकसेवा आयोग की परीक्षा प्रणाली और कार्य व्यवहार एक सुदृढ़ मॉडल के रूपमें विकसित हुई है, जो अन्य संस्थानों और देशों केलिए एक मानदंड बन सकती है। भूटान रॉयल सिविल सर्विस कमीशन के आयुक्त डॉ शेरिंग सिगे दोरजी ने इस अवसर पर कहाकि उन्हें इस भारत दौरे में बहुमूल्य जानकारियां मिली हैं, जो भूटान में पारदर्शी और कुशल परीक्षा प्रणाली को सुदृढ़ बनाने में सहायक होंगी।
डॉ शेरिंग सिगे दोरजी ने प्रशंसा करते हुए कहाकि भारत का संघ लोकसेवा आयोग इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों केलिए सत्यनिष्ठा और निष्पक्षता के उच्चतम मानक बनाए रखकर परीक्षाएं आयोजित करता है। उन्होंने कहाकि यहां आकर उन्हें भारत के संघ लोकसेवा आयोग की चयन प्रक्रियाओं की सुदृढ़ता का अंदाजा हुआ। उन्होंने कहाकि अन्य पहल केसाथ हम प्रतिभा सेतु पहल संबंधी ज्ञान भूटान में अपनाना चाहेंगे। भूटानी प्रतिनिधिमंडल ने यूपीएससी परीक्षा केंद्र और यूपीएससी संग्रहालय भी देखा। भूटानी प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा संघ लोकसेवा आयोग और भूटान के रॉयल सिविल सर्विस कमीशन केबीच मजबूत और निरंतर सहयोग को दर्शाता है। दोनों संस्थानों केबीच समझौता ज्ञापन नवीनीकरण प्रक्रिया उन्नत चरण में है।