मुंबई में सोने की तस्करी, गलाने और अवैध बिक्री का किया पर्दाफाश
स्वर्ण आयात नीति व सरकारी राजस्व केलिए खतरा तस्करों पर निगरानीस्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 12 November 2025 05:57:03 PM
मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने वृहद स्तरपर ऑपरेशन बुलियन ब्लेज़ चलाकर मुंबई में सोने की तस्करी, उसे गुप्त भट्टियों में पिघलाने और परिष्कृत सोने को अवैध रूपसे ग्रे मार्केट में बेचने में शामिल एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। डीआरआई अधिकारियों ने विशिष्ट खुफिया जानकारी पर 10 नवंबर 2025 को मुंबई में चार गुप्त स्थानों पर सोने को पिघलाने वाली दो अवैध इकाइयों और सोने को अवैध रूपसे ग्रे मार्केट में बेचने दो अपंजीकृत दुकानों की तलाशी ली, जहां तस्करी किए गए सोने को मोम और अन्य रूपों में बदलने की पूरी व्यवस्था थी। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अवैध भट्टियां चलाने वालों को हिरासत में ले लिया और मौके पर ही 6.35 किलोग्राम सोना भी बरामद किया।
डीआरआई अधिकारियों ने तस्करी का सोना और पिघली हुई छड़ें स्थानीय खरीदारों को बेचने केलिए इस्तेमाल की जाने वाली दो दुकानों की भी तलाशी ली, जिसमें से एक दुकान से 5.53 किलोग्राम अतिरिक्त सोने की छड़ें बरामद कीं। राजस्व खुफिया निदेशालय ने 15.05 करोड़ रुपये मूल्य का 11.88 किलोग्राम 24 कैरेट सोना और 13.17 लाख रुपये मूल्य की 8.72 किलोग्राम चांदी सीमा शुल्क अधिनियम-1962 के प्रावधानों केतहत जब्त की है। सोने की तस्करी, गलाने और अवैध बिक्री में शामिल मास्टरमाइंड सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह मास्टरमाइंड अपने पिता, एक प्रबंधक, सोना पिघलाने वाले चार व्यक्तियों, तस्करी किए गए सोने का रिकॉर्ड रखने वाले एक एकाउंटेंट और सोने के वितरण का काम संभालने वाले तीन डिलीवरी कर्मियों की मिलीभगत से चला रहा था। सभी आरोपियों को मुंबई के संयुक्त वित्तीय आयुक्त (जेएमएफसी) के समक्ष पेशकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
राजस्व खुफिया निदेशालय को प्रारंभिक जांच से पता चला हैकि सोने की तस्करी और अवैध बिक्री केलिए एक सुनियोजित साजिश रची गई थी, जो देश की स्वर्ण आयात नीति का घोर उल्लंघन है और इसका उद्देश्य सरकारी राजस्व को हानि पहुंचाना था। राजस्व खुफिया निदेशालय ने देश के राजस्व और बाजारों को नुकसान पहुंचाने वाले और राजकोषीय स्थिरता केलिए खतरा पैदा करने वाले उन सभी संगठित तस्करी नेटवर्कों को समाप्त करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की और कहाकि ऐसी गतिविधियों की कड़ी निगरानी की जा रही है। डीआरआई देश की आर्थिक और राजकोषीय स्थिरता की रक्षा करके निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित करता है। इस मामले की आगे की जांच जारी है।