स्वतंत्र आवाज़
word map

गाजियाबाद में यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन

यशोदा मेडिसिटी स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में लाएगी परिवर्तन-राष्ट्रपति

देशभर में स्वास्थ्य व चिकित्सा संबंधी बुनियादी ढांचे का विस्तार

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 26 October 2025 03:01:37 PM

yashoda medicity inaugurated in ghaziabad

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज इंदिरापुरम गाजियाबाद में यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति ने कहाकि स्वास्थ्य सेवा राष्ट्र निर्माण का एक अभिन्न अंग है और लोगों को बीमारियों से बचाना एवं उनके स्वास्थ्य में सुधार लाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहाकि इसी उद्देश्य से देशभर में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा संबंधी बुनियादी ढांचे, संस्थानों और सेवाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहाकि ऐसे सभी प्रयास निश्चित रूपसे एक स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देंगे, सरकार केसाथ हितधारक भी इन प्रयासों में उल्लेखनीय भूमिका निभाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहाकि इसलिए हितधारकों की यह ज़िम्मेदारी हैकि वे स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करें और यह सुनिश्चित करेंकि देश के सभी क्षेत्रोंमें गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध हों और कोईभी नागरिक प्रभावी स्वास्थ्य सेवा से वंचित न रहे। राष्ट्रपति ने कहाकि निजी क्षेत्र के अच्छे स्वास्थ्य संस्थान इस लक्ष्य की प्राप्ति में अमूल्य योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त कियाकि यशोदा मेडिसिटी स्वास्थ्य सेवा क्षेत्रमें परिवर्तनकारी कार्य करेगी। राष्ट्रपति को यह जानकर खुशी हुईकि वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौरान यशोदा अस्पताल ने बड़ी संख्या में लोगों का इलाज किया और राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम जैसी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं को पूरी लगन से अपनाया। उन्होंने संस्थान से सिकल सेल एनीमिया से संबंधित राष्ट्रीय अभियानों में अपना योगदान देने का आग्रह किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यशोदा अस्पताल के हितधारकों को कैंसर के उपचार केलिए अनुसंधान करने और ऐसे दूसरे चिकित्सा संस्थानों केसाथ सहयोग करने कीभी सलाह दी। राष्ट्रपति ने जोर देकर कहाकि चिकित्सा उत्तरदायित्व केसाथ सामाजिक उत्तरदायित्व निभाना स्वास्थ्य सेवा संस्थानों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्हें विश्वास हैकि यशोदा मेडिसिटी 'सभी केलिए किफायती विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं' के अपने लक्ष्य को साकार करेगी। उन्होंने कहाकि निजी और सरकारी, दोनों क्षेत्रों के उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा संस्थानों के सहयोग से भारत एक वैश्विक स्वास्थ्य सेवा गंतव्य के रूपमें और अधिक पहचान हासिल करेगा। इस अवसर पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और बड़ी संख्या में हितधारक उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]