स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Monday 1 September 2025 04:32:22 PM
नई दिल्ली। भारतीय सिविल लेखा सेवा (आईसीएएस) की 1991 बैच की अधिकारी टीसीए कल्याणी ने केंद्रीय वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग में महालेखा नियंत्रक (सीजीए) का पदभार संभाल लिया है। टीसीए कल्याणी इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन होनेवाली 29वीं अधिकारी हैं। टीसीए कल्याणी ने दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया है और स्वर्ण पदक की उपाधि से नवाजी गई हैं। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से अंतर्राष्ट्रीय राजनीति में स्नातकोत्तर और पश्चिमी यूरोपीय अध्ययन में एमफिल की उपाधि भी प्राप्त की है। वे 34 वर्ष से अधिक की विशिष्ट सेवा केसाथ सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन, लेखांकन, शासन और प्रशासन में व्यापक विशेषज्ञता रखती हैं।
टीसीए कल्याणी ने भारत सरकार में रक्षा, दूरसंचार, उर्वरक, वित्त, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, सूचना एवं प्रसारण और गृह मंत्रालय सहित प्रमुख मंत्रालयों में कार्य किया है। उन्होंने प्रौद्योगिकी को अपनाकर सार्वजनिक सेवा वितरण में पारदर्शिता और दक्षता को निरंतर बढ़ावा दिया है। उनकी उर्वरक खरीद सहायता केलिए किसानों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) योजना शुरू करने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। टीसीए कल्याणी ने महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (एमटीएनएल) में ऑनलाइन बिल भुगतान और भुगतान कियोस्क के माध्यम से डिजिटल परिवर्तन का नेतृत्व किया। उन्होंने भारतीय उर्वरक निगम लिमिटेड के पुनरुद्धार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
महालेखा नियंत्रक के रूपमें कार्यभार संभालने से पहले टीसीए कल्याणी ने गृह मंत्रालय में प्रधान मुख्य लेखा नियंत्रक के रूपमें कार्य करते हुए बजट एवं लेखांकन की देखरेख की है। भारत सरकार की ओर से टीसीए कल्याणी से उनके समृद्ध प्रशासनिक अनुभव और सिद्ध नेतृत्व से आशा की गई हैकि वे देश की सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणालियों को और ज्यादा सुदृढ़ एवं मजबूत बनाएंगी तथा सरकारी लेखांकन में नवाचार एवं पारदर्शिता को भी बढ़ावा देंगी।