स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Thursday 21 August 2025 04:57:24 PM
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहार पर यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देते हुए 12000 से अधिक विशेष ट्रेनें चलाने का महत्वपूर्ण फैसला किया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेल भवन में मीडिया को जानकारी देते हुए कहाकि बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सांसद डॉ संजय जायसवाल, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और सांसद संजय कुमार झा केसाथ आज व्यापक विचार विमर्श केबाद दिवाली और छठ पर्व केलिए कई विशेष ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने यात्रियों को उनकी वापसी यात्रा के दौरान भी सुविधा प्रदान करने पर जोर दिया है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की हैकि 13 से 26 अक्टूबर केबीच आगे की यात्रा और 17 नवंबर से 1 दिसंबर केबीच वापसी यात्रा करने वाले यात्रियों को वापसी टिकटों पर 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी और यह पहल इसी त्योहारी सीज़न में लागू की जाएगी और इससे बड़ी संख्या में लोगों को लाभ होगा। इसके अतिरिक्त गया से दिल्ली, सहरसा से अमृतसर, छपरा से दिल्ली और मुजफ्फरपुर से हैदराबाद केलिए चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहाकि भगवान बुद्ध से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों और विशेष रूपसे मध्यम वर्गीय परिवारों केलिए एक नई सर्किट ट्रेन भी शुरू की जाएगी, जो वैशाली, हाजीपुर, सोनपुर, पटना, राजगीर, गया और कोडरमा तक जाएगी। उन्होंने बतायाकि बक्सर-लखीसराय रेल खंड को चार लाइन कॉरिडोर में विस्तारित किया जाएगा, जिससे अधिक रेलगाड़ियां चल सकेंगी। पटना के चारों ओर एक रिंग रेलवे प्रणाली विकसित की जाएगी।
अश्विनी वैष्णव ने कहाकि सुल्तानगंज और देवघर को रेल मार्ग से जोड़ा जाएगा, पटना और अयोध्या केबीच भी एक नई रेल सेवा शुरू की जाएगी। अश्विनी वैष्णव ने बतायाकि लौकहा बाज़ार में एक वाशिंग पिट सुविधा स्थापित की जाएगी और बिहार में कई नए स्वीकृत रोड ओवरब्रिजों पर काम किया जाएगा। इस अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, सांसद डॉ संजय जायसवाल और सांसद संजय कुमार झा ने बिहार केलिए और अधिक परियोजनाओं को मंजूरी देने और अमृत भारत एवं वंदे भारत सहित कई नई ट्रेनों की शुरुआत केलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केप्रति आभार व्यक्त किया।