स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत आए श्रीलंकाई लेफ्टिनेंट जनरल रोड्रिगो

सैन्य अकादमी देहरादून में करियर, अब पासिंग परेड की समीक्षा

द्विपक्षीय रक्षा सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा मुद्दों पर हुआ गहन विमर्श

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 12 June 2025 05:08:44 PM

sri lankan lieutenant general rodrigo arrived in india

नई दिल्ली। श्रीलंका सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल बीकेजीएम लासांथा रोड्रिगो 14 जून तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। उनके भारत दौरे का उद्देश्य द्विपक्षीय सैन्य सहयोग बढ़ाना, प्रशिक्षण और सैन्य क्षमता वृद्धि में साझेदारी के नए रास्ते तलाशना है। लेफ्टिनेंट जनरल बीकेजीएम लासांथा रोड्रिगो ने दोनों देशों केबीच दीर्घकालिक रक्षा संबंधों को अधिक मजबूत और गहरा करने के निरंतर प्रयासों का उल्लेख किया है। उन्होंने अपनी भारत यात्रा की शुरुआत देश की सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान देनेवाले बहादुर सैनिकों के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक नई दिल्ली पर पुष्पांजलि अर्पित करके की। लेफ्टिनेंट जनरल रोड्रिगो को साउथ ब्लॉक लॉन में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया, यह दोनों देशों केबीच सम्मान और स्थायी मित्रता का प्रतीक था। इसमें भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।
बीकेजीएम लासांथा रोड्रिगो ने भारतीय सेना के उपसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि केसाथ कई उच्चस्तरीय बैठकों की शुरुआत गहन बातचीत से की। दोनों सैन्य अधिकारियों ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं के पहलुओं सहित कई मुद्दों पर व्यापक चर्चा की। इस मौके पर लेफ्टिनेंट जनरल रोड्रिगो को ऑपरेशन सिंदूर और भारत के सुरक्षा परिप्रेक्ष्य की जानकारी दी गई। उन्हें भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने आपसी हितों के मामले साझा किए। जनरल रोड्रिगो ने नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह से मुलाकात की। उन्होंने जनरल मानेकशॉ सेंटर में वृक्षारोपण किया, जो भारतीय और श्रीलंका सेना के दीर्घकालिक समय के आपसी संबंधों का प्रतीक है। जनरल रोड्रिगो ने जयपुर में दक्षिण पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह से मुलाकात की। वे 14 जून को भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में पासिंग आउट परेड की शोभा बढ़ाएंगे।
भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में यह पासिंग आउट परेड लेफ्टिनेंट जनरल बीकेजीएम लासांथा रोड्रिगो के अपने अल्मा मेटर में एक मार्मिक परेड होगी, जहां उन्होंने दिसंबर 1990 में आईएमए के 87वें कोर्स केसाथ कमीशन प्राप्त किया था। जनरल रोड्रिगो केलिए यह एक ऐसा अनुभव है, जिसने उनके शानदार सैन्य करियर की नींव रखी। अकादमी में उनकी उपस्थिति उनके प्रारंभिक वर्षों की यादें फिरसे जगाएगी, जो अब पूरी हो गई है, क्योंकि वह अधिकारियों की नई पीढ़ी की समीक्षा करेंगे। श्रीलंका सेना के ब्रिगेडियर आरएमएसपी रथनायके भी इस समारोह में होंगे, जो एक व्यक्तिगत और भावनात्मक आयाम जोड़ते हुए अपने बेटे विदेशी अधिकारी कैडेट आरएमएनएल रथनायके को वर्तमान पाठ्यक्रम केसाथ कमीशन होते देखने को मौजूद रहेंगे। विरासत और नेतृत्व का यह संगम भारत-श्रीलंका सेनाओं केबीच सौहार्द और नेतृत्व संबंधों की स्थायी भावना दर्शाता है। आशा की जाती हैकि लेफ्टिनेंट जनरल रोड्रिगो की इस भारत यात्रा से श्रीलंका और भारत के रक्षा संबंध औरभी ज्यादा समृद्ध होंगे। यह यात्रा न केवल दोनों देशों की अपने सैन्य संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को उजागर करती है, बल्कि क्षेत्रीय सुरक्षा और शांति पर उनके साझा फोकस को भी दर्शाती है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]