स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Saturday 7 June 2025 12:46:36 PM
नई दिल्ली। केंद्रीय अल्पसंख्यक एवं संसदीयकार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भारत में वक्फ संपत्ति प्रबंधन एवं संचालन केलिए एकीकृत वक्फ प्रबंधन, सशक्तिकरण, दक्षता और विकास अधिनियम-1995 के अंतर्गत 'उमीद' पोर्टल का शुभारंभ कर दिया है। इस मौके पर उन्होंने कहाकि 'उमीद' पोर्टल भारत में वक्फ संपत्ति प्रबंधन एवं संचालन के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा, ‘उमीद’ से न केवल पारदर्शिता आएगी, बल्कि आम मुसलमानों विशेषकर महिलाओं और बच्चों को भी मदद मिलेगी। उन्होंने बतायाकि ‘उमीद’ पोर्टल को अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने विकसित किया है, यह पोर्टल महज एक तकनीकी उन्नयन से कहीं अधिक है। उन्होंने कहाकि यह अल्पसंख्यक समुदायों के सम्पत्ति अधिकारों की रक्षा करने और समुदाय के स्वामित्व वाली वक्फ संपत्तियों का ग़रीब मुसलमानों केलिए प्रभावी और निष्पक्ष उपयोग सुनिश्चित करने की सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
‘उमीद’ सेंट्रल पोर्टल यूनिफाईड वक्फ़ मैनेजमेंट, एंपावरमेंट, एफिशिएंसी एंड डेवलपमेंट एक्ट-1995 यानी एकीकृत वक्फ प्रबंधन, सशक्तिकरण, दक्षता और विकास अधिनियम-1995 का संक्षिप्त रूप है। यह पोर्टल वक्फ संपत्तियों की वास्तविक समय पर अपलोडिंग, सत्यापन और निगरानी केलिए एक केंद्रीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूपमें काम करेगा। पोर्टल से देशभर में वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में अधिक पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी से व्यापक बदलाव आने की उम्मीद है। पोर्टल की मुख्य विशेषताएं हैं-सभी वक्फ संपत्तियों की जियो टैगिंग केसाथ डिजिटल सूची का निर्माण, बेहतर समाधान केलिए ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली, पट्टे पर देने और उसके उपयोग की पारदर्शी ट्रैकिंग, जीआईएस मैपिंग और ई-गवर्नेंस उपकरणों केसाथ एकीकरण और सत्यापित अभिलेखों और रिपोर्टों तक सार्वजनिक पहुंच।
अल्पसंख्यक कार्य राज्यमंत्री जॉर्ज कुरियन भी इस अवसर पर उपस्थित थे। जॉर्ज कुरियन ने कहाकि यह पोर्टल एक लंबे समय से प्रतीक्षित सुधार है, जो वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग को रोकेगा और उसके प्रबंधन को आम लोगों के करीब लाएगा। उन्होंने कहाकि यह प्रणाली सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक संपत्ति का हिसाब रखा जाए और उसका उपयोग उस उद्देश्य के अनुसार किया जाए, जिसके लिए उसे दान किया गया था। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के सचिव डॉ चंद्रशेखर कुमार ने कहाकि उन्हें उम्मीद हैकि पोर्टल डिजिटल वक्फ प्रबंधन की रीढ़ बनेगा, जिससे यह सुनिश्चित होगाकि वक्फ संपत्तियां विशेष रूपसे मुस्लिम समुदाय के वंचित वर्गों केलिए शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, आजीविका सृजन और सामाजिक कल्याण में सार्थक योगदान देंगी।