स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम
Wednesday 4 June 2025 05:10:32 PM
नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षामंत्री रिचर्ड मार्लेस केबीच आज नई दिल्ली में महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक हुई। रक्षामंत्री ने हालही में आस्ट्रेलिया में हुए संघीय चुनावों में लेबर पार्टी की प्रभावशाली जीत केबाद रिचर्ड मार्लेस को उनकी पुनर्नियुक्ति पर बधाई दी। दोनों मंत्रियों ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और पीड़ितों के परिवारों केप्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इस मौके पर सीमापार आतंकवाद के खिलाफ आत्मरक्षा में जवाब देने के भारत के अधिकार पर प्रकाश डाला। दोनों मंत्रियों ने आतंकवाद के सभी रूपों से निपटने केलिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई। बैठक केबाद एक्स पर एक पोस्ट में रक्षामंत्री ने पहलगाम में आतंकवाद के बर्बर कृत्य के खिलाफ भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया पर ऑस्ट्रेलिया के स्पष्ट समर्थन केलिए धन्यवाद दिया। दोनों मंत्रियों ने ऑस्ट्रेलिया-भारत संयुक्त अनुसंधान परियोजना पर हस्ताक्षर का स्वागत किया और रक्षा उद्योग सहयोग को तीव्र एवं विविधतापूर्ण बनाने पर सहमति व्यक्त की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इसवर्ष के अंतमें ऑस्ट्रेलिया में तीसरी भारत-ऑस्ट्रेलिया 2+2 मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान रक्षा विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहयोग परियोजनाओं को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने नवंबर 2023 में आयोजित 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता केबाद से हुई प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक में दोनों पक्षों को उभरते क्षेत्रीय और वैश्विक परिदृश्यों के संदर्भ में द्विपक्षीय संबंधों की स्थिति की समीक्षा करने का अवसर मिला। रक्षा रणनीतिक सहयोग और सुरक्षा, उद्योग सहयोग, साइबर और नई उभरती हुई तकनीकें, आतंकवाद का मुकाबला, हाइड्रोग्राफी और समुद्री सुरक्षा जैसे कई मुद्दों पर चर्चा हुई। दोनों मंत्रियों ने आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर की पांचवीं वर्षगांठ पर दोनों मंत्रियों ने संतोष व्यक्त किया और मानाकि यह रक्षा सहयोग के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूपमें उभरी है। दोनों मंत्रियों ने भारत-ऑस्ट्रेलिया केबीच बढ़ते रणनीतिक अभिसरण और स्वतंत्र खुले हिंद महासागर एवं प्रशांत द्वीप क्षेत्रकी दिशामें मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की। इससे पहले आस्ट्रेलियाई रक्षामंत्री ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाकर शहीद नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलियाई रक्षामंत्री रिचर्ड मार्लेस ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को निरंतर मजबूत करने तथा भारत-प्रशांत क्षेत्रमें शांति, समृद्धि, स्थिरता और प्रगति के साझा उद्देश्य को प्राप्त करने केलिए प्रतिबद्धता व्यक्त की। गौरतलब हैकि रिचर्ड मार्लेस की ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री के रूपमें पुनः नियुक्ति केबाद यह पहली भारत यात्रा है। इससे पहले रिचर्ड मार्लेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री और रिचर्ड मार्लेस ने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने केलिए विचारों का आदान-प्रदान किया, जिसके आज पांच साल पूरे हो गए हैं। उन्होंने रक्षा औद्योगिक सहयोग, लचीली आपूर्ति श्रृंखला, महत्वपूर्ण खनिजों, नई और उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे प्रमुख क्षेत्रोंमें सहयोग बढ़ाने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने इस बातकी पुष्टि कीकि स्थिर, सुरक्षित और समृद्ध हिंद प्रशांत केलिए साझा दृष्टिकोण द्विपक्षीय सहयोग का मार्गदर्शन करना जारी रखता है। प्रधानमंत्री से बातचीत में रक्षामंत्री रिचर्ड मार्लेस ने सीमापार आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में ऑस्ट्रेलिया के समर्थन को दोहराया। नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री एंटोनियो अल्बानीज़ को इसवर्ष भारत में होनेवाले वार्षिक शिखर सम्मेलन केलिए आमंत्रित किया।