स्वतंत्र आवाज़
word map

श्रीशनि धाम में कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ शपथ

साधू-संत चला रहे है बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ अभियान

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 12 July 2013 12:29:15 PM

beti bachao-warp daughter campaign

नई दिल्ली। श्रीशनि धाम में बड़ी संख्या में एकत्र लोगों ने दाती कन्या भ्रूण संरक्षण दिवस के मौके पर बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ, देश बढ़ाओ अभियान चलाने का शपथ पूर्वक संकल्प लिया। असोला-फतेहपुर बेरी स्थित श्रीशनि धाम के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर दाती महाराज के जन्म दिवस पर प्रमुख साधू-संतों ने कन्या भ्रूण संरक्षण के लिए शपथ ली। साधू-संतों ने लोगों का आह्वान किया कि देश बचाने के लिए बेटी बचाना जरूरी है।
इस मौके पर मौजूद केंद्रीय आवास मंत्री गिरिजा व्यास ने कहा कि दाती महाराज ने बेटी बचाओ अभियान चलाकर समाज को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि दाती महाराज समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं, महिलाओं के उत्थान के लिए ही उन्होंने दाता की जगह दाती नाम चुना, यह उनका एक मां के दायित्व की तरह है। दाती महाराज ने कहा कि सभी लोग मां, बहन, पत्नी चाहते हैं, पर बेटी क्यों नहीं चाहते? बेटी होगी तभी मां, बहन और पत्नी मिलेगी। उन्होंने कहा कि श्रीशनि धाम ट्रस्ट की तरफ से समाज की निराश्रित, बेसहारा और ग़रीब छात्राओं को शिक्षित करके समाज तथा राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया जा रहा है। इससे उन्हें समाज में सिर ऊंचा करके जीने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी राजस्थान में 15 साल से बेटी बचाओ अभियान श्रीशनि धाम ट्रस्ट की तरफ से चलाया जा रहा है।
दाती महाराज ने कहा कि श्रीशनि धाम ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या रोकना और बेटी बढ़ाओ, नारी को सशक्त बनाओ है। इस अभियान के तहत छात्राओं को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा समाज के उपेक्षित वर्गों के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाईं जा रही हैं। आश्वासन बाल ग्राम आलावास के बच्चों ने इस अवसर पर बेटी बचाओ-बेटी बढ़ाओ अभियान विषय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मैं नारी हूं नृत्य नाटिका की प्रस्तुति ने सभी दर्शकों को भावना से भर दिया और सभी की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम में सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने शामिल होकर बेटी बचाओ अभियान को भरपूर समर्थन दिया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर कैलाशानंद महाराज, महामंडलेश्वर बालकानंद महाराज, महामंडलेश्वर प्रखरजी महाराज, महामंडलेश्वर आत्मानंद पुरीजी महाराज, महामंडलेश्वर पायलट बाबाजी महाराज, महामंडलेश्वर शिवप्रेमानंद महाराज, महामंडलेश्वर शिवस्वरूपानंद महाराज, महामंडलेश्वर प्रेमानंद महाराज, महामंडलेश्वर दिव्यानंद महाराज, महामंडलेश्वर गिरिधर गिरीजी महाराज, महामंडलेश्वर रामेश्वरानंद सरस्वतीजी महाराज, महामंडलेश्वर आनंद चैतन्य महाराज, महंत नरेंद्र गिरि, महंत शिवनारायण पुरी, आदि संत-महात्माओं ने बेटी बचाओ, बेटी बढ़ाओ अभियान की सराहना करते हुए लोगों से अपील की कि वे इस कार्य में अपना पूरा सहयोग दें। सभी संतों को कन्या भ्रूण संरक्षण में विशेष सहयोग के लिए सम्मानित भी किया गया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]