स्वतंत्र आवाज़
word map

स्वयंप्रकाश स्मृति सम्मान केलिए प्रविष्टि भेजें!

कहानी उपन्यास और नाटक की किसी एक कृति पर सम्मान

सम्मान प्रविष्टियों की अंतिम तारीख़ है 15 अगस्त 2024

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 28 May 2024 05:44:23 PM

swayamprakash smriti samman

नई दिल्ली। साहित्य और संस्कृति क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थान 'स्वयं प्रकाश न्यास' ने सुप्रसिद्ध साहित्यकार स्वयं प्रकाश की स्मृति में दिए जाने वाले वार्षिक सम्मान के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की हैं। न्यास ने बतायाकि राष्ट्रीय स्तर का यह सम्मान क्रमशः कहानी, उपन्यास और नाटक विधा की किसी ऐसी कृति को दिया जाएगा जो सम्मान के वर्ष से अधिकतम छह वर्ष पूर्व प्रकाशित हुई हो। वर्ष 2024 के सम्मान के लिए 1 जनवरी 2020 से 31 दिसंबर 2023 के मध्य प्रकाशित पुस्तकों पर विचार किया जाएगा। इस वर्ष यह सम्मान नाटक विधा को दिया जाएगा और कृतिकार की आयु सीमा 50 वर्ष रखी गई है।
'स्वयं प्रकाश न्यास' के स्वयं प्रकाश सम्मान के लिए तीन निर्णायकों की समिति बनाई गई है, जो प्रविष्टियों पर विचार कर किसी एक कृति का चुनाव करेगी। सम्मान में ग्यारह हज़ार रुपये, प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंट किए जाएंगे। न्यास की विज्ञप्ति में बताया गया हैकि मूलत: अजमेर (राजस्थान) निवासी स्वयं प्रकाश हिंदी कथा साहित्य क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान केलिए जाने जाते हैं। उन्होंने ढाई सौ के आसपास कहानियां लिखीं और उनके पांच उपन्यास भी प्रकाशित हुए हैं। स्वयं प्रकाश नाटक, रेखाचित्र, संस्मरण, निबंध और बाल साहित्य में भी योगदान केलिए हिंदी संसार में जाना जाता है। स्वयं प्रकाश को भारत सरकार की साहित्य अकादमी सहित देशभर की विभिन्न अकादमियों और संस्थाओं से अनेक पुरस्कार और सम्मान मिले हैं। उनके लेखन पर अनेक विश्वविद्यालयों में शोधकार्य हुआ है तथा उनके साहित्य के मूल्यांकन की दृष्टि से अनेक पत्रिकाओं ने विशेषांक भी प्रकाशित किए हैं। बीस जनवरी 1947 को जन्मे स्वयं प्रकाश 7 दिसम्बर 2019 को स्वर्गवासी हो गए।
बनास जन के सम्पादक और युवा आलोचक डॉ पल्लव को स्वयं प्रकाश स्मृति सम्मान का संयोजक बनाया गया है। वे इस सम्मान का संयोजन करेंगे। सम्मान के लिए प्रविष्टियां डॉ पल्लव को 15 अगस्त 2024 तक बनास जन के पते-393, डीडीए, ब्लॉक सी एंड डी, शालीमार बाग़, दिल्ली-110088 पर भेजी जा सकती हैं। साहित्य और लोकतांत्रिक विचारों के प्रचार प्रसार केलिए गठित स्वयं प्रकाश स्मृति न्यास में कवि राजेश जोशी (भोपाल), आलोचक दुर्गाप्रसाद अग्रवाल (जयपुर), कवि और आलोचक आशीष त्रिपाठी (बनारस), आलोचक पल्लव (दिल्ली), इंजीनियर अंकिता सावंत (मुंबई) और अपूर्वा माथुर (दिल्ली) सदस्य हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]