स्वतंत्र आवाज़
word map

फ्रांस के सेनाध्यक्ष भारत यात्रा पर आए

भारतीय थल सेनाध्यक्ष और वरिष्ठ सैन्याधिकारियों से भेंट

दोनों देशों के रक्षा सुरक्षा एवं रणनीतिक सहयोग का प्रतीक

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 28 February 2024 12:20:12 PM

indian and french army chief

नई दिल्ली। फ्रांसीसी सेना के सेनाध्यक्ष जनरल पियरे शिल 27 से 29 फरवरी तक भारत की यात्रा पर आए हुए हैं। जनरल पियरे शिल यात्रा की शुरुआत राजधानी नई दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाकर भावपूर्ण पुष्पांजलि अर्पित करके राष्ट्र केलिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय सशस्त्र बलों के वीरगति को प्राप्त नायकों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक लॉन में उन्होंने औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण किया। जनरल पियरे शिल ने भारत के थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे और सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्याधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने विचारों का आदान-प्रदान किया और दोनों सेनाओं केबीच द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने सहित विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर रचनात्मक चर्चा की।
फ्रांसीसी सेनाध्यक्ष जनरल पियरे शिल अपनी भारत यात्रा के दौरान कार्यक्रमों में रक्षा उद्योग के प्रतिनिधियों केसाथ बातचीत करेंगे और राजस्थान में पिनाका फायरिंग प्रदर्शन देखेंगे। वे जयपुर में सप्त शक्ति कमान का भी दौरा करेंगे और वरिष्ठ सैन्य कमांडरों केसाथ बातचीत करेंगे। जनरल पियरे शिल प्रतिष्ठित नेशनल डिफेंस कॉलेज में अधिकारियों को संबोधित करेंगे। उनकी यह भारत यात्रा रक्षा, सुरक्षा और प्रौद्योगिकी में अपने रणनीतिक सहयोग को मजबूत करने केलिए फ्रांस और भारत की साझा प्रतिबद्धता को उजागर करती है। दोनों देशों की सेनाओं केबीच इस तरह की द्विपक्षीय यात्राएं और विभिन्न अभ्यास सशस्त्र बलों केबीच लंबे समय से चले आरहे संबंधों का प्रतीक हैं तथा क्षेत्रीय स्थिरता एवं अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा को बढ़ावा देने केलिए दोनों देशों के समर्पण को भी मजबूत करते हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]