स्वतंत्र आवाज़
word map

पहलीबार बिम्सटेक एक्वेटिक्स चैंपियनशिप

खेलमंत्री ने नई दिल्ली में की चैंपियनशिप 2024 की शुरुआत

'बिम्सटेक देशों में मजबूत खेल संस्कृति का निर्माण भी होगा'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 6 February 2024 02:20:00 PM

bimstec aquatics championship

नई दिल्ली। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज नई दिल्ली में बिम्सटेक एक्वेटिक्स चैंपियनशिप 2024 की शुरुआत की है, जो पहलीबार आयोजित की जा रही है। अनुराग ठाकुर ने इस अवसर पर कहाकि इस चैंपियनशिप से न केवल बिम्सटेक देशों की घनिष्ठ दोस्ती और समृद्ध होगी, बल्कि एक मजबूत खेल संस्कृति का निर्माण भी होगा, जो एथलीटों केबीच दोस्ती एवं विचारों अनुभवों के आदान-प्रदान को मजबूत करने में भी मदद करेगा। उन्होंने कहाकि दुनिया की 25 प्रतिशत आबादी दक्षिण एशिया और दक्षिण पूर्व एशियाई क्षेत्र में रहती है और 7 बिम्सटेक देशों के एकसाथ आनेसे बंगाल की खाड़ी क्षेत्र न केवल यात्रा और परिवहन केलिए उपयोग किया जाने वाला क्षेत्र बनेगा, बल्कि प्रगति, विकास और सहयोग का क्षेत्र भी बन जाएगा।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहाकि इसी विचार केसाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में 2018 में चौथे बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भारत में बिम्सटेक यूथ वाटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता की परिकल्पना की थी। खेल मंत्री ने कहाकि बिम्सटेक संगठन इतिहास में पहलीबार किसी ऐसी खेल प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है, जिसकी मेजबानी भारत में की जा रही है। उन्होंने कहाकि यह आयोजन शुरू में वर्ष 2021 केलिए प्रस्तावित था, हालांकि बादमें दुनियाभर में कोविड-19 महामारी के प्रकोप के कारण इसे 2024 तक स्थगित कर दिया गया था। उद्घाटन समारोह में नेपाल के मंत्री दिग बहादुर लिंबू और इंद्रमणि पांडे महासचिव, बिम्सटेक उच्चायुक्त और बिम्सटेक के भारत में राजदूत, भाग लेने वाले देशों और भारत सरकार के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।
बिम्सटेक एक्वेटिक्स चैंपियनशिप 6 से 9 फरवरी 2024 तक दिल्ली के डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्विमिंग पूल कॉम्प्लेक्स में आयोजित की जा रही है, जिसमें तैराकी, वाटर पोलो और डाइविंग स्पर्धाओं में 20 से कम आयु वर्ग केलिए प्रतियोगिताएं निर्धारित हैं। तीन खेल स्पर्धाओं में कुल 39 पदक प्रदान किए जाएंगे और साथही कुल 9 ट्रॉफियां भी दी जाएंगी। आयोजनों में 500 से अधिक कर्मियों के शामिल होने की उम्मीद है, जिनमें विभिन्न बिम्सटेक सदस्य देशों के 268 एथलीट शामिल हैं। बिम्सटेक बहु क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग केलिए बंगाल की खाड़ी पहल, दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों केबीच एक अद्वितीय कड़ी का गठन करता है, जिसमें दक्षिण एशिया के बांग्लादेश, भूटान, भारत, नेपाल और श्रीलंका के पांच सदस्य और दक्षिण-पूर्व एशिया म्यांमार और थाईलैंड के दो सदस्य हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]