स्वतंत्र आवाज़
word map

इफ्फी में हिमाचल पुलिस का शानदार ऑर्केस्ट्रा

माइकल डगलस और गोवा के मुख्यमंत्री से स्टैंडिंग ओवेशन मिला

ऑर्केस्ट्रा प्रमुख का सूचना व प्रसारण मंत्री को अवसर हेतु आभार

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 30 November 2023 12:14:46 PM

himachal police's magnificent orchestra at iffi

पणजी। गोवा में भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी)-54 के समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस के ऑर्केस्ट्रा 'हार्मनी ऑफ द पाइन्स' ने शानदार और रंगारंग प्रस्तुति दी। विश्व प्रसिद्ध अभिनेता, ऑस्कर और गोल्डन ग्लोब पुरस्कार विजेता माइकल डगलस और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से इसको स्टैंडिंग ओवेशन मिला। हिमाचल पुलिस के ऑर्केस्ट्रा प्रमुख इंस्पेक्टर विजय ने अपने समूह की ओरसे गोवा में इफ्फी-54 के समापन समारोह में प्रदर्शन करने का अवसर देने केलिए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर का आभार व्यक्त किया।
'हार्मनी ऑफ द पाइन्स' हिमाचल प्रदेश पुलिस का एक उल्लेखनीय संगीत समूह है, जिसकी 1996 में केवल सात सदस्यों केसाथ एक सामान्य शुरुआत हुई थी। शुरू में इसे पुलिस बल का तनाव कम करने के साधन के रूपमें गठित किया गया था और इस बैंड ने जल्द ही विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों में प्रस्तुति देनी शुरू कर दी। गोवा में भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-2023 में हार्मनी ऑफ द पाइन्स ने दर्शकों का मन मोह लिया। हिमाचल प्रदेश पुलिस का यह ऑर्केस्ट्रा कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाले हुनरबाज़ देश की शान कार्यक्रम का फाइनलिस्ट है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ऑर्केस्ट्रा को इससे व्यापक लोकप्रियता मिली और बादमें भारत के चुनाव आयोग के ब्रांड एंबेसडर के रूपमें नियुक्त किया गया। इस बैंड की प्रसिद्धि तब नई ऊंचाइयों पर पहुंच गई, जब उन्हें भारतीय डाक टिकट पर चित्रित करके सम्मानित किया गया। वर्ष 2016 में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार ने आधिकारिक तौरपर बैंड को मंजूरी दी और उन्हें हार्मनी ऑफ द पाइन्स हिमाचल प्रदेश पुलिस ऑर्केस्ट्रा की उपाधि से सम्मानित किया। इस मान्यता ने उन्हें राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर इस खाकी वर्दी का प्रतिनिधित्व करने वाला भारत का पहला बैंड बना दिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]