स्वतंत्र आवाज़
word map

जया वर्मा रेलवे की पहली महिला सीईओ

जया वर्मा सिन्हा ने रेल भवन में अपना नया पदभार संभाला

रेलवे में पैंतीस वर्ष के करियर में महत्वपूर्ण पदों का अनुभव

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 1 September 2023 12:26:25 PM

ceo railways jaya verma sinha

नई दिल्ली। भारतीय रेल सेवा की शीर्ष अधिकारी जया वर्मा सिन्हा भारतीय रेल बोर्ड की अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त की गई हैं। इस पद पर नियुक्त होने वाली जया वर्मा सिन्हा पहली महिला अधिकारी हैं, जिन्होंने आज रेल भवन दिल्ली में अपना नया पदभार संभाल लिया है। इससे पहले कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने जया वर्मा सिन्हा की नियुक्ति को स्वीकृति दी। जया वर्मा सिन्हा ने रेलवे बोर्ड में सदस्य संचालन और व्यवसाय विकास पर उल्लेखनीय कार्य किया है। वे भारतीय रेलवे में माल ढुलाई और यात्री सेवाओं के समग्र परिवहन का दायित्व भी संभाल चुकी हैं। भारतीय रेल बोर्ड देश का प्रमुख और बड़ा संस्थान है, जो भारतीय रेल नेटवर्क संचालित करता है।
जया वर्मा सिन्हा 1988 में भारतीय रेल सेवा में शामिल हुईं थीं। भारतीय रेलवे में उनका 35 साल से अधिक का करियर है, जिसमें उन्होंने रेलवे बोर्ड के सदस्य संचालन और व्यवसाय विकास अपर सदस्य, यातायात परिवहन जैसे विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उन्होंने परिचालन, वाणिज्यिक, आईटी और सतर्कता सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम किया है। जया वर्मा सिन्हा दक्षिण-पूर्व रेलवे की प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक के रूपमें भी नियुक्त होने वाली पहली महिला रही हैं। उन्होंने बांग्लादेश में ढाका में भारतीय उच्चायोग में रेलवे सलाहकार के रूपमें कार्य किया है। उनके इस कार्यकाल के दौरान कोलकाता से ढाका तक प्रसिद्ध मैत्री एक्सप्रेस का उद्घाटन किया गया था। जया वर्मा सिन्हा इलाहाबाद विश्वविद्यालय की छात्रा रही हैं और इनकी फोटोग्राफी में गहरी रुचि है। इनके अनेक फोटो दुर्लभ हैं, जिनका इनके पास अनूठा संग्रह है। गौरतलब हैकि भारत में तकनीकी और शीर्ष प्रशासनिक पदों पर महिलाओं को जिम्मेदारियां मिल रही हैं, जया वर्मा सिन्हा उनमें से एक हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]