स्वतंत्र आवाज़
word map

पर्यटन मंत्री से मिले तुर्की के राजदूत

तुर्की को पर्यटन के लिए हवाई जहाजों की जरूरत

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 18 June 2013 08:42:15 AM

नई दिल्‍ली। भारत में तुर्की के राजदूत डॉ बुराक अकसापुर ने मंगलवार को दिल्‍ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री के चिरंजीवी से मुलाकात की। बैठक के दौरान डॉ अकसापुर ने दोनों देशों के बीच पर्यटन यातायात में बढ़ोत्‍तरी के लिए हवाई जहाजों की आवाजाही बढ़ाने का मुद्दा उठाया। मौजूदा उड़ानों से इस क्षेत्र में हवाई यातायात की मांग पूरी नहीं हो पा रही है।
भारत के लिए तुर्की पर्यटन का एक अहम स्रोत है। वर्ष 2011 के दौरान तुर्की से भारत आने वाले सैलानियों की कुल संख्‍या 17 हजार 329 थी। तुर्की की एयरलाइंस एयर इंडिया के साथ संभावित कोड साझेदारी करके भारत में अपना नेटवर्क बढ़ाना चाहती है। तुर्की से और अधिक संख्‍या में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्यटन मंत्रालय इस वर्ष तुर्की में विशेष संवर्धन कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बना रहा है। तुर्की के राजदूत ने सुझाव दिया कि पर्यटन मंत्रालय और तुर्की का प्रशासन इस दिशा में संयुक्‍त संवर्धन कार्यक्रम आरंभ कर सकता है, ताकि भारत और तुर्की दोनों में ही पर्यटन यातायात बढ़ाया जा सके।
भारत और तुर्की के बीच पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने संबंधी समझौते पर 1995 में दिल्‍ली में हस्‍ताक्षर किये गये थे। समझौते के तहत एक संयुक्‍त कार्यसमूह गठित करने का भी प्रावधान किया गया था। पर्यटन पर भारत-तुर्की संयुक्‍त समिति की बैठक वर्ष 2002 में 27-28 मई को अंकारा में आयोजित की गई थी। इसकी दूसरी बैठक 23 नवंबर 2006 को नई दिल्‍ली में हुई थी। पर्यटन मंत्रालय ने मार्च 2013 के बाद दोनों देशों की सुविधा अनुसार इसकी तीसरी बैठक आयोजित करने की पेशकश की है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]