स्वतंत्र आवाज़
word map

यूपी खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स केलिए तैयार!

लखनऊ में समारोहपूर्वक लोगो शुभंकर मशाल गान और जर्सी लॉंच

यूपी के विभिन्न शहरों में 25 मई से 3 जून 2023 तक होंगे कई खेल

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 6 May 2023 12:49:19 PM

up ready for khelo india university games

लखनऊ। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने लखनऊ में बुद्ध पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केसाथ खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स उत्तर प्रदेश-2022 के आधिकारिक लोगो, शुभंकर, मशाल, गान और जर्सी को लॉंच किया। अनुराग ठाकुर ने खुशी व्यक्त करते हुए कहाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप खेलो इंडिया अभियान ने एक क्रांति का रूप ले लिया है और यह क्रांति आज भारत के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में पहुंच गई है। उन्होंने कहाकि इन खेलों में भाग लेनेवाले विश्वविद्यालय के एथलीट अनुभव करेंगेकि जीवन के सबसे कठिन सबक सीखने केलिए खेल अपने आपमें एक महत्वपूर्ण तरीका है। उन्होंने कहाकि खेलो इंडिया प्लेटफार्म खेल में उत्कृष्टता और राष्ट्रसेवा में अनुशासित, समर्पित तथा कर्तव्यकेंद्रित युवाओं के निर्माण से संबंधित है और योगीजी के प्रभावी नेतृत्व पर विश्वास हैकि उत्तर प्रदेश अबतक का सबसे अच्छा खेलो इंडिया गेम प्रस्तुत करने केलिए तैयार है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहाकि उत्तर प्रदेश के वातावरण और राज्य केप्रति धारणा में शांति और कानून के शासन केसाथ बड़े पैमाने पर परिवर्तन हुआ है, यही कारण हैकि यहां खेल और खिलाड़ी फल-फूल रहे हैं। उन्होंने तीसरे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स उत्तर प्रदेश-2022 में भाग लेनेवाले एथलीटों, कोचों, अधिकारियों और सहायक कर्मचारियों का स्वागत किया और राज्य में उनके सुखद प्रवास की कामना की। उन्होंने कहाकि उन्हें विश्वास हैकि हमारी टीम इस आयोजन को यादगार बनाने केलिए सर्वोत्तम परिस्थितियां, खेल सुविधाएं और खेल अवसंरचना सुनिश्चित करेगी। गौरतलब हैकि खेलो इंडिया पहल देश के खेल इकोसिस्टम केलिए भी महत्वपूर्ण बनी हुई है। अभी कुछ हफ्ते पहले हमने खेलो इंडिया के 5 साल पूरे होने का उत्सव मनाया। बीते 5 वर्ष में भारतीय खेलों के परिदृश्य में भारी बदलाव आया है, ऐसे कई खेलो इंडिया एथलीट हैं, जिन्हें पिछले कुछ वर्ष में उनके प्रदर्शन के आधार पर विशिष्ट लक्ष्य ओलंपिक पोडियम योजना में शामिल किया गया है और आज वे विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में देश को गौरवांवित कर रहे हैं। इन प्रतिस्पर्धाओं और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तैयार किए गए खेल इकोसिस्टम केबीच तालमेल ने वास्तव में एथलीटों को स्पर्धा के एक स्तर से दूसरे स्तरतक आसानी से बढ़ने में मदद की है।
कौशल, नीति और धैर्य की विचारधारा से प्रेरित होकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में आधिकारिक तौरपर खेल 25 मई से शुरू होकर 3 जून 2023 तक चलेंगे। मुख्यमंत्री ने चार मशाल रिले को भी झंडी दिखाई, जो अगले 20 दिन के दौरान भारत के इस सबसे बड़े राज्य के पश्चिमी, पूर्वी, मध्य और बुंदेलखंड इलाके से होकर गुजरेगी। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के खेलमंत्री गिरीशचंद्र यादव, उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, उत्तर प्रदेश सरकार के खेल और युवा कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल, भारतीय खेल प्राधिकरण की उप-महानिदेशक एकता विश्नोई, एआईयू के महासचिव डॉ पंकज मित्तल, भारतीय खेल प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक संजय सारस्वत और कई प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित थीं। खेलमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहाकि उत्तर प्रदेश एक खेल प्रेमी राज्य के रूपमें तेजीसे उभर रहा है और जल्दही यह देश के खेलों के केंद्र के रूपमें जाना जाएगा। इसके बाद यूनिवर्सिटी गेम्स की आधिकारिक जर्सी को ललित उपाध्याय, सुधा सिंह और दिव्या काकरान जैसे उत्तर प्रदेश के प्रमुख खिलाड़ियों ने पहना और मंच पर आत्मविश्वास केसाथ उसे प्रदर्शित किया।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 उत्तर प्रदेश का आधिकारिक प्रतीक चिन्ह (लोगो) भारत के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत का प्रतिनिधित्व करता है। यह प्रतीक चिन्ह राज्य की समृद्ध पारंपरिक और ऐतिहासिक विरासत का प्रतिनिधित्व करता है, जो शिक्षा, बुनियादी ढांचा और खेल जैसे सभी पहलुओं में इसके विकास का आधार रहा है। शुभंकर जीतू बारासिंघा का प्रतिनिधित्व करता है। यह एक अद्भुत स्तनधारी है, जो एक शक्तिशाली शारीरिक बनावट और उल्लेखनीय गति वाला होता है। यह अपने स्वभाव में कौशल, नीति और धैर्य को प्रदर्शित करता है और अनुग्रह एवं सूक्ष्मता की प्रतिमूर्ति होता है, जो वास्तव में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, उत्तर प्रदेश की भावना का प्रतिनिधित्व करता है। यह उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की शक्ति और प्रचुरता को प्रदर्शित करता है। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के आधिकारिक शुभंकर के रूपमें जीतू उत्साह के स्रोत के रूपमें काम करेगा, प्रशंसकों के जुड़ाव को बढ़ावा देगा और पूरे प्रतियोगिता के दौरान टीम भावना का निर्माण करेगा।
उत्तर प्रदेश के प्रशंसक राज्य में जीतू को देखने केलिए उत्सुक हैं, क्योंकि उसका उपयोग नए प्रशंसकों को आकर्षित करने और अधिक से अधिक लोगों को खेलों को अपनाने केलिए प्रोत्साहित करने हेतु किया जाएगा। यह शुभंकर टीम के प्रायोजकों, सामानों और अन्य विपणन संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी मदद करेगा, जिससे वह इस आयोजन की सफलता का एक अनिवार्य हिस्सा बन जाएगा। पिछले खेलो इंडिया खेलों के शुभंकर जया और विजय ने मंच पर जीतू का स्वागत किया। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की मशाल 'शक्ति' न केवल अपनी विरासत और भावना की प्रतीक है, बल्कि एक ऐसी जीवंत इकाई भी है, जो ऊर्जा से भरी हुई है। प्रत्येक एथलीट को अपने अंतिम लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने केलिए प्रेरित करने हेतु गंगा नदी को 'शक्ति' पर उकेरा गया है और इसपर अंकित ऊपर की ओर इशारा करते हुए भविष्य की ओर उन्मुख दिखने वाला तीर गौरवशाली अतीत और उत्तर प्रदेश के भविष्य का उत्सव मनाता है। शक्ति के प्रकाश प्रदान करने वाले मूल में मोर पंख और कमल की पंखुड़ियां भी अंकित हैं, जो पहाड़ों को भी हिला सकने वाली अपनी शांत ऊर्जा को इंगित करती हैं और प्रेरणा और इच्छाशक्ति का एक शक्तिशाली स्रोत है।
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन वाराणसी, नोएडा और गोरखपुर के अलावा राज्य की राजधानी लखनऊ में किया जाएगा। दिल्ली के डॉ कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में निशानेबाजी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। कबड्डी प्रतियोगिता 23 मई को नोएडा में शुरू होगी, जबकि कुछ अन्य स्पर्धाएं 24 मई को विभिन्न स्थानों पर भी शुरू होंगी। यूनिवर्सिटी गेम्स, जो आधिकारिक तौरपर 25 मई से 3 जून 2023 तक होंगे, इसमें 200 भारतीय विश्वविद्यालयों के 4000 से अधिक एथलीट 21 खेल स्पर्धाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे। उद्घाटन समारोह 25 मई 2023 को लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। यूनिवर्सिटी गेम्स उत्कृष्टता के स्तर को ऊपर उठाते हुए और सच्ची खेल भावना, हिम्मत एवं गौरव के उच्चतम स्तरपर प्रतिस्पर्धा, खेल तथा जीत के सम्मान केलिए बेहतरीन खेल भावना का उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]