स्वतंत्र आवाज़
word map

वरुणा ने डूबे जहाज के 22 लोगों को बचाया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 14 June 2013 01:14:51 AM

कोच्चि। भारतीय तट रक्षक जहाज वरुणा ने कोच्चि से 194 नॉटिकल माइल पश्चिम में डूब रहे मालदीव के एमवी एशियन एक्‍सप्रेस व्‍यापारिक मालवाहक जहाज के 22 कर्मियों को बचा लिया। यह जहाज मालदीव में पंजीकृत था और 5955 टन सीमेंट और रेत लेकर पाकिस्‍तान के मोहम्‍मद बिन कासिम बंदरगाह से माले जा रहा था।
जहाज के डूबने के समय मौसम बहुत खराब था। समुद्र में तेज तरंगे चल रही थीं और 40 नॉटिकल माइल की रफ्तार से हवा का झोंका चल रहा था। वरुणा को एमवी एशियन एक्‍सप्रेस मालवाहक जहाज के डूबने की पहली सूचना भारतीय नौसैनिक जहाज से मिली, वरुणा तब लक्ष्‍यद्वीप समूह में पेट्रोलिंग पर था। वरुणा शाम तीन बजे डूब रहे जहाज के पास पहुंचा था, तब तक मालवाहक जहाज में जल रेखा से नीचे बीच समुद्र में तीन से चार मीटर लंबी दरार पड़ गयी थी।
मालवाहक जहाज के मुख्‍य चालक और कर्मचारियों को जब जहाज को काबू करने में सफलता नहीं मिली तो वे जहाज को छोड़कर चले गए। खराब मौसम के बावजूद तटरक्षक जहाज वरुणा के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बहादुरी के साथ 22 कर्मचारियों को बचा लिया, इनमें 18 मालदीव के और चार भारतीय थे। वरुणा के कमांडर अरुण कुमार थे और बचाव कार्य में एमआरसीसी मुंबई ने समन्‍वय किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]