स्वतंत्र आवाज़
word map

'अंत्योदय का अर्थ अंतिम व्यक्ति का उत्थान'

'सबका साथ सबका विकास के रास्ते पर चल रही है मोदी सरकार'

सिविल20 भारत स्थापना सम्मेलन के समापन समारोह में बोले गडकरी

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 22 March 2023 04:52:40 PM

gadkari spoke at the conclusion of the civil 20 india foundation conference

नागपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा हैकि भारतीय संदर्भ में देखें तो अंत्योदय का अर्थ हैकि हम समाज में सबसे आखिरी व्यक्ति के उत्थान और विकास को सुनिश्चित करें। नागपुर में सिविल-20 स्थापना सम्मेलन के समापन समारोह में उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहाकि नैतिकता, अर्थव्यवस्था, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण समाज के तीन प्रमुख स्तंभ होते हैं। नितिन गडकरी ने कहाकि हमारा लक्ष्य 2070 से पहले भारत को कार्बन न्यूट्रल देश बनाना है। उन्होंने कहाकि भारत अब जीवाश्म ईंधन के वैकल्पिक स्रोतों जैसे हरित ईंधन की ओर बढ़ रहा है, विभिन्न स्रोतों से बायो इथेनॉल बनाया जा रहा है। स्थिर एवं स्थायी नीतियों के तहत उन्होंने उदाहरण देते हुए बतायाकि नई दिल्ली में सड़क निर्माण में 20 लाख टन कचरे का इस्तेमाल किया जा रहा है।
राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहाकि हरित विकास को लेकर ये सभी पहलें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं और मोदी सरकार 'सबका साथ सबका विकास' के रास्ते पर चल रही है और समावेशी विकास इसकी थीम है। नितिन गडकरी ने कहाकि सिविल20 भारत 2023 स्थापना सम्मेलन में कई प्रसिद्ध विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, सिविल सोसाइटी संगठनों, एनजीओ और दुनियाभर के प्रबुद्ध लोगों को नागपुर में देखकर खुशी हुई। इस सत्र में शामिल विशिष्ट अतिथियों में सिविल20 भारत 2023 की अध्यक्ष माता अमृतानंदमयी, रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी के उपाध्यक्ष और सिविल20 भारत 2023 के संरक्षक डॉ विनय सहस्रबुद्धे, संयुक्त सचिव जी20 विदेश मंत्रालय और उप-शेरपा जी20 भारत के राजदूत अभय ठाकुर, विवेकानंद केंद्र की उपाध्यक्ष कन्याकुमारी निवेदिता भिडे थे।
सिविल20 भारत 2023 के स्थापना सम्मेलन के समापन सत्र की अध्यक्षता सिविल20 भारत 2023 के शेरपा और पूर्व राजदूत विजय नांबियार ने की। विजय नांबियार ने स्थापना सम्मेलन को लेकर एक संक्षिप्त रिपोर्ट पेश की। उन्होंने कहाकि अब समय आ गया है, अगले सी-20 सम्मेलन से पहले सिविल20 भारत 2023 के कार्यकारी समूहों की अवधारणाओं को अमल में लाया जाए। अभय ठाकुर ने कहाकि भारत की जी-20 प्राथमिकताओं के अनुरूप सी20 आम लोगों की चिंताओं को आगे रखते हुए अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहाकि लोकतांत्रिक शासन भारत के सामाजिक एवं आर्थिक ढांचे का अंग रहा है। उन्होंने कहाकि जी20 की अध्यक्षता भारत की आर्थिक प्रगति को प्रदर्शित करेगी। उन्होंने कहाकि सिविल20 के स्थापना सम्मेलन की मेजबानी केलिए नागपुर से बेहतर जगह कोई और नहीं हो सकती थी, क्योंकि यह भारत का केंद्र है।
निवेदिता भिडे ने कहाकि पहलीबार सिविल20 प्रक्रिया आध्यात्म से प्रेरित थी। उन्होंने कहाकि भारत आध्यात्म की भूमि है, जिसका आशय एकता केलिए काम करने से है। उन्होंने कहाकि स्थापना सम्मेलन एक महत्वपूर्ण चरण से गुजर चुका है और अब सी20 नीतिगत बदलाव की दिशामें बढ़ रहा है। डॉ विनय सहस्रबुद्धे ने धन्यवाद भाषण दिया। उन्होंने कहाकि नागपुर एक ऐसा शहर है, जिसका स्वयंसेवा का लंबा इतिहास है और स्वयंसेवावाद में तकनीक के मानवीयकरण या आध्यात्मिकता का सामर्थ्य होता है। सिविल20 भारत 2023 के अध्यक्ष के रूपमें सहयोग केलिए डॉ विनय सहस्रबुद्धे ने माता अमृतानंदमयी को धन्यवाद दिया। उन्होंने उन सभीको धन्यवाद दिया, जिनके चलते स्थापना सम्मेलन का सफलतापूर्वक आयोजन संभव हो पाया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]