स्वतंत्र आवाज़
word map

निमास के साइकिलिंग अभियान दल का स्वागत

छह दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में साइकिल चलाकर बनाया रिकॉर्ड

देश निमास की साहसिक यात्रा से गौरवां​वित है-रक्षा राज्यमंत्री

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 16 March 2023 01:19:47 PM

welcome to the cycling campaign team of nimas

नई दिल्ली। रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने राष्ट्रीय पर्वतारोहण और साहसिक खेल संस्थान (निमास) दिरांग की एक टीम के छह देशों के साइकिलिंग अभियान-2023 के सदस्यों का स्वदेश वापसी पर समारोहपूर्वक राजधानी नई दिल्ली में जोरदार स्वागत किया। निमास के निदेशक कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल के नेतृत्व में वर्तमान में एनआईएमएएस केसाथ तैनात चार सैनिकों की एक टीम ने 16 जनवरी से 6 मार्च 2023 तक छह दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों वियतनाम, लाओस, कंबोडिया, थाईलैंड, मलेशिया और सिंगापुर में पहलीबार साइकिलिंग अभियान चलाया था।
रक्षा राज्यमंत्री ने अत्यधिक सहनशीलता एवं धैर्य प्रदर्शित करने और साइकिलिंग अभियान को सफल बनाने केलिए निमास टीम की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहाकि निमास भविष्य में और भी अधिक साहसिक यात्राओं के माध्यम से देश को गौरवांवित करना जारी रखेगा। निमास के साइकिलिंग अभियान के दौरान दल ने छह दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में केवल 37 दिन में 5374 किलोमीटर की दूरी तय करके साइकिल चलाने का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। गौरतलब हैकि यह अभियान भारत की जी20 अध्यक्षता को चिन्हित करने केलिए आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा था और देश के 'आजादी के अमृत महोत्सव' की थीम के अनुरूप था।
निमास टीम ने वियतनाम के हनोई से अभियान शुरू किया और सिंगापुर में आईएनए मेमोरियल में इसका समापन हुआ। इसे खराब मौसम में अंजाम दिया गया, टीम के सदस्य रोजाना औसतन 9-10 घंटे साइकिल चलाते थे। टीम ने 10 से अधिक विरासत स्मारकों का दौरा किया और भारतीय राष्ट्रीय सेना के बलिदान एवं बहादुरी की गाथाओं का फिरसे स्मरण करते हुए आजाद हिंद फौज के नायकों केसाथ बातचीत की। टीम ने वियतनाम माउंट फांसिपन (3,143 मीटर) की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ाई की। सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त पी कुमारन ने भी अभियान के सफल समापन पर टीम को सम्मानित किया था।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]