स्वतंत्र आवाज़
word map

म्यांमा के परिधान कारखानों को भारत ऋण देगा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 09 June 2013 09:28:13 AM

नेपिडा, म्यांमा। भारत ने म्यांमा में परिधान के 300 कारखानों के जीर्णोद्धार में मदद करने की पेशकश की है। शुक्रवार को नेपीताव में म्यांमा के राष्ट्रपति यू थीन सेन के साथ बैठक के दौरान भारत के केंद्रीय वाणिज्य, उद्योग एवं कपड़ा मंत्री आनंद शर्मा ने इन कारखानों के जीर्णोद्धार के लिए 50 लाख अमरीकी डॉलर ऋण सहायता की भी पेशकश की। दक्षिण भारत वस्त्र अनुसंधान एसोसिएशन इन कारखानों के जीर्णोद्धार की योजना तैयार करने में तकनीकी सहायता देगी। निजी क्षेत्र की कंपनियां इन बंद पड़े वस्त्र कारखानों के जीर्णोद्धार और निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। बैठक के बाद आनंद शर्मा ने मीडिया को बताया कि विशेषज्ञों, अधिकारियों और व्यवसायियों का शिष्टमंडल दो सप्ताह के अंदर म्यांमा का दौरा करेगा।
आनंद शर्मा ने कहा कि भारत मानकों के लिए सामान्य अनुपालन संहिता बनाने तथा कारखानों में बेहतरीन परिपाटियां अपनाने में म्यांमा के साथ सहयोग भी करेगा। उन्होंयने म्यांमा के राष्ट्रपति को सामान्य अनुपालन संहिता-दिशा म्यांमा का भी प्रस्ताव दिया, ताकि विकसित देशों में निर्यात के लिए म्यांमा में मानकों का अनुपालन बढ़ाया जा सके। वस्त्र मंत्रालय से प्रायोजित और एपीईसी की सहायता से तैयार दिशा एक पहल है, जो उद्योग की सतत मानव पूंजी बेहतरी के लिए चलाई जाएगी। दिशा परिधानों का निर्यात करने वाले सदस्यों को नैतिक आचार संहिता के बारे में शिक्षित करने का प्रयास है, जिसमें बाल श्रम, स्वास्थ्य और औद्योगिक सुरक्षा जैसे सभी महत्वपूर्ण सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दे शामिल हैं। म्यांमा में वस्त्र उद्योग के क्षमता निर्माण के लिए भारत ने राष्ट्रीय डिज़ाइन संस्थान के तहत 2 स्लॉट के लिए 2 छात्रवृत्तियों और एकीकृत कौशल विकास योजना के तहत परिधान क्षेत्र के कामगारों के लिए 250 छात्रवृत्तियों की पेशकश की है। राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान और विदेश व्यापार संस्थान में भी छात्रवृत्तियों का प्रस्ताव किया गया है।
आनंद शर्मा ने कहा कि भारत थिलावा विशेष आर्थिक क्षेत्र में भारत-म्यांमा परिधान क्षेत्र संयुक्त उपक्रम की भी स्थापना करेगा और यह कार्य अन्य अंतर्राष्ट्रीय ब्रैंड के सहयोग से किया जाएगा। भारत यांगून में टैक्सटाइल एक्सपो नामक वस्त्र व्यापार प्रदर्शनी भी शुरू करेगा। आनंद शर्मा ने घोषणा की कि आईटीपीओ यांगून में नवंबर 2013 के दौरान एंटरप्राइज इंडिया शो आयोजित करेगा, जो वार्षिक आयोजन है और भारत के प्रधानमंत्री की म्यांमा यात्रा के दौरान इस पर सहमति बनी थी। आईटीपीओ की ओर से भारत में म्यांमा उद्योग की प्रदर्शनी को अगले वर्ष निशुल्क सुविधा दी जाएगी। तीन दिन की म्यांमा यात्रा के दौरान वस्त्र उद्योग पर मुख्य रूप से चर्चा की गई। इस यात्रा के दौरान आनंद शर्मा ने खासतौर से रेशम जैसे क्षेत्र में संपर्क स्थापित करने की इच्छा प्रकट की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]