स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत-जापान में 'एक्सरसाइज धर्म गार्जियन'

जापानी सेना के साथ भारतीय सेना का वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम

जापान में शिगा प्रांत के कैंप इमाज़ू में 2 मार्च तक संयुक्त सैन्याभ्यास

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 17 February 2023 01:01:12 PM

'exercise dharma guardian' in india-japan

टोक्यो। भारत और जापान केबीच संयुक्त सैन्य अभ्यास 'एक्सरसाइज धर्म गार्जियन' का चौथा संस्करण शुरू हो चुका है, जो 2 मार्च 2023 तक जापान में शिगा प्रांत के कैंप इमाज़ू में आयोजित किया जारहा है। विशेष रूपसे भिन्न-भिन्न देशों केसाथ भारतीय सेना के सैन्य प्रशिक्षण अभ्यासों की श्रृंखला में एक्सरसाइज धर्म गार्जियन जापान केसाथ एक वार्षिक प्रशिक्षण कार्यक्रम है। अभ्यास धर्म गार्जियन वर्तमान वैश्विक स्थिति की पृष्ठभूमि में दोनों देशों केलिए सुरक्षा चुनौतियों के संदर्भ में अत्यंत महत्वपूर्ण और सार्थक है। इसके संस्करण में जंगल और अर्ध शहरी एवं शहरी इलाकों में सैन्य गतिविधियों केलिए प्लाटून स्तर का संयुक्त प्रशिक्षण भी शामिल है।
भारतीय सेना की गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट के सैनिक और जापान ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्स में मिडिल आर्मी की एक इंफैंट्री रेजिमेंट इस वर्ष अभ्यास में भाग ले रहे हैं। इस दौरान योजना बनाने तथा क्रियांवयन में पारस्परिकता बढ़ाने के उद्देश्य से जंगी कार्रवाई के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा किया जाएगा। प्रशिक्षण अभ्यास में शामिल होने केलिए भारतीय सेना की टुकड़ी 12 फरवरी को अभ्यास स्थल पर पहुंची थी, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया था। संयुक्त सैन्याभ्यास दोनों सेनाओं केबीच अंतर-संचालनीयता, मिलनसारिता, सौहार्द और मित्रता का भाव विकसित करने के अलावा संयुक्तराष्ट्र शासनादेश केतहत सामरिक संचालन करने की रणनीति, तकनीक एवं प्रक्रियाओं में सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों को साझा करने में दोनों सेनाओं को सक्षम करेगा।
भारत और जापान केबीच संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण मुख्य रूपसे उच्चस्तर की शारीरिक फिटनेस और सामरिक स्तरपर अभ्यास की गतिविधियों को आदान-प्रदान करने पर केंद्रित है। इस दौरान दोनों देशों के सैन्यकर्मी संयुक्त योजना बनाने, संयुक्त सामरिक अभ्यास, एकीकृत निगरानी ग्रिड स्थापित करने की मूल बातों को साझा करने तथा हवाई संपत्तियों की नियुक्ति सहित विभिन्न मिशनों में शामिल होंगे। संयुक्त अभ्यास से दोनों सेनाओं को एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जानने, अपने व्यापक अनुभव साझा करने और स्थितिजन्य जागरुकता बढ़ाने में मदद मिलेगी। एक्सरसाइज धर्म गार्जियन भारतीय सेना तथा जापानी ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्सेज केबीच रक्षा सहयोग के स्तर को और बढ़ाएगा एवं इससे दोनों देशों केबीच द्विपक्षीय संबंधों को भी बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]