स्वतंत्र आवाज़
word map

आईएनएसवी तारिणी की समुद्री नौकायन दौड़

केप टू रियो रेस 2023 में भाग लेने के लिए केप टाउन रवाना

समुद्र में नौकायन एक अत्यंत मुश्किल साहसिक खेल है

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 20 December 2022 12:31:19 PM

ocean sailing race of insv tarini

पणजी/ केप टाउन। भारतीय नौसेना नौकायन पोत आईएनएसवी तारिणी केप टू रियो रेस 2023 के 50वें संस्करण में भाग लेने केलिए दक्षिण अफ्रीका केप टाउन केलिए रवाना हो चुका है। इस समुद्री नौकायन दौड़ को केप टाउन से 2 जनवरी 2023 को झंडी दिखाई जाएगी और इसका समापन रियो डी जनेरियो ब्राजील में होगा। यह दौड़ सबसे प्रतिष्ठित ट्रांस अटलांटिक महासागर दौड़ मेसे एक है। अभियान को दो महिला अधिकारियों सहित पांच अधिकारियों का एक भारतीय नौसेना दल संचालित कर रहा है। अभियान के दौरान गोवा से रियो डी जनेरियो केलिए केप टाउन और वापस जाने के दौरान आईएनएसवी तारिणी लगभग 17000 नॉटिकल मील की दूरी तय करेगी। इस ट्रांस समुद्री यात्रा में 5-6 महीने की अवधि में चालक दल को भारतीय, अटलांटिक और दक्षिणी महासागरों के चरम मौसम और खराब समुद्री परिस्थितियों का सामना करना है।
समुद्री नौकायन अभियान का उद्देश्य जहाज पर चालक दल को नेविगेशन, संचार, तकनीकी, योजना सहित आवश्यक सीमैनशिप कौशल में प्रशिक्षित करना है। यह अभियान दुनिया के एकल परिक्रमा नौकायन अभियान केलिए जहाज पर सवार दो महिला अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिहाज से मील का पत्थर है। समुद्र में नौकायन एक अत्यंत मुश्किल साहसिक खेल है। ये महासागर नौकायन अभियान भारतीय नौसेना की दुनियाभर में अपनी सौम्य उपस्थिति को प्रदर्शित करने की क्षमता को बढ़ाने केसाथ रोमांच की भावना, जोखिम लेने की क्षमता को विकसित करने में मदद करते हैं। भारतीय नौसेना नियमित रूपसे सागर परिक्रमा, आईओएनएस 10वीं वर्षगांठ और बंगाल की खाड़ी के नौकायन अभियानों जैसे नौकायन अभियानों में भाग लेती रही है। आईएनएसवी तरिणी को 2017 में 'नाविका सागर परिक्रमा' ऐतिहासिक अभियान में सभी महिला अधिकारी दल केसाथ दुनियाभर में परिक्रमा करने केलिए जाना जाता है।
समुद्री नौकायन अभियान में जहाज की कप्तानी कैप्टन अतुल सिन्हा कर रहे हैं, इसमें लेफ्टिनेंट कमांडर आशुतोष शर्मा, लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के, लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए और सब लेफ्टिनेंट अविरल केशव चालक दल के सदस्यों के रूपमें हैं। अभियान के दौरान भारत में वापसी केलिए रियो डी जनेरियो में एक क्रू टर्नअराउंड की योजना बनाई गई है। चालक दल में बदलाव केबाद कमांडर निखिल पी हेगड़े कप्तान के रूपमें कार्यभार संभालेंगे, जबकि कमांडर एमए जुल्फिकार, कमांडर दिव्या पुरोहित और कमांडर अभिषेक डोके चालक दल के रूपमें होंगे। लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए अभियान के दोनों चरणों केलिए चालक दल का हिस्सा होंगी, क्योंकि उन्हें दुनिया की एकल परिक्रमा केलिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम केतहत इन्होंने हाल हीमें मॉरीशस के अभियान में भी भाग लिया था।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]