स्वतंत्र आवाज़
word map

युवा सक्रिय एवं नवोन्मेषी बनें-अनुराग ठाकुर

ओम स्टर्लिंग ग्लोबल यूनिवर्सिटी हिसार का दीक्षांत समारोह

'युवा देश के विकास इंजन के रूपमें स्वयं को कुशल बनाएं'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 5 December 2022 12:15:40 PM

convocation of om sterling global university hisar

हिसार। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने युवाओं का आह्वान किया हैकि वे सक्रिय और नवोन्मेषी बनें, नई तकनीक को अपनाएं, मजबूत नेटवर्क बनाएं और देश के विकास इंजन के रूपमें स्वयं को कुशल, उन्नत कुशल व पुनःकुशल बनाएं, क्योंकि भारत दुनिया का विकास इंजन है। उन्होंने नई शिक्षा नीति के अंतर्गत बहुविषयक दृष्टिकोण के माध्यम से समग्र ज्ञान प्राप्ति के अनुभव पर जोर दिया, क्योंकि शिक्षा ही देश और लोगों के विकास का आधार होती है और अपने परिवार, देश और देशवासियों की समान रूपसे सेवा करती है, क्योंकि मेधावी युवा राष्ट्रीय संपत्ति होते हैं। उन्होंने कहाकि भारत दुनिया का तीसरा स्टार्ट-अप देश है।
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ओम स्टर्लिंग ग्लोबल यूनिवर्सिटी हिसार के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से खेल अवसंरचना को उन्नत करने और युवाओं से फिट और स्वस्थ रहने केलिए 'फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज' पर जोर देते हुए फिट इंडिया अभियान में सक्रिय रूपसे भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने इस अवसर पर बतायाकि भारत जी-20 अध्यक्षता कार्यक्रम के एक भाग के रूपमें एक युवा सम्मेलन भी आयोजित करेगा। उन्होंने हरियाणा के किसानों, खिलाड़ियों और लड़कियों के अपने-अपने क्षेत्रों में राज्य और देश केलिए नाम कमाने से जुड़े प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में स्नातक और डिग्री प्राप्त करनेवाले छात्रों को बधाई दी। अनुराग ठाकुर ने कहाकि देश में 750 युवा संवाद आयोजित किए जा रहे हैं।
दीक्षांत समारोह में 815 छात्रों को डिग्री, डिप्लोमा, 15 स्नातक पाठ्यक्रमों के 184 छात्रों और 59 स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के 426 छात्रों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इसके अलावा 14 डिप्लोमा कोर्स के 178 विद्यार्थियों को डिप्लोमा प्रदान किएगए। विभिन्न विभागों के 3 छात्रों को स्वर्ण पदक और 8 छात्रों को पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए योग्यता प्रमाणपत्र दिए गए। अनुराग सिंह ठाकुर ने पत्रकारिता और जनसंचार विभाग, ओम स्टर्लिंग ग्लोबल यूनिवर्सिटी हिसार में स्थापित सामुदायिक रेडियो स्टेशन 90.0 भव्यवाणी का उद्घाटन किया। रेडियो स्टेशन ने समारोह में केंद्रीय मंत्री के संबोधन काभी प्रसारण किया। दीक्षांत समारोह में हिसार के लोकसभा सदस्य बृजेंद्र सिंह, हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री डॉ कमल गुप्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। केंद्रीय मंत्री ने हिसार में दूरदर्शन केंद्र और ऑल इंडिया रेडियो स्टेशनों का भी दौरा किया और उनके कामकाज की समीक्षा की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]