स्वतंत्र आवाज़
word map

सेशेल्स के स्वतंत्रता दिवस में भारत बना सहभागी

भारत एवं सेशेल्स केबीच दीर्घकालीन द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को बढ़ावा

भारतीय नौसेना जवानों की मार्चिंग टुकड़ी संगीत बैंड संग शामिल हुई

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 4 July 2022 02:40:22 PM

india became a participant in the independence day of seychelles

पोर्ट विक्टोरिया। भारतीय नौसेना की टुकड़ी ने सेशेल्स गणराज्य के स्वाधीनता दिवस समारोह में सहभागिता केलिए सेशेल्स रक्षा बल के उत्साही कर्मियों और गौरवांवित नागरिकों केसाथ हिस्सा लिया। गौरतलब हैकि भारतीय नौसेना का स्वदेशी पोत आईएनएस कोलकाता, जोकि स्टील्थ गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर जहाज है, उसे 29 जून 2022 को सेशेल्स के स्वतंत्रता दिवस पर सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया में तैनात किया गया था और इस महत्वपूर्ण अवसर को अधिक यादगार बनाने केलिए आईएनएस कोलकाता को शानदार तरीके से तैयार किया गया था। रोश काइमन के यूनिटी स्टेडियम में 3 जुलाई 2022 को सैन्य परेड में भारतीय नौसेना के जवानों की एक मार्चिंग टुकड़ी संगीत बैंड केसाथ शामिल हुई। आईएनएस कोलकाता की तैनाती ने वर्ष 1976 से सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस में भारतीय सैन्य दल की निरंतर भागीदारी को और भी विशिष्ट बना दिया।
आईएनएस कोलकाता की तैनाती सागर कार्यक्रम के दृष्टिकोण के अनुरूप थी, जो हिंद महासागर में समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित करने केलिए सहयोगात्मक प्रयासों को बढ़ावा देती है। भारत इस उद्देश्य को पूरा करने केलिए हिंद महासागर के सभी समुद्री तटों पर क्षमता निर्माण और सामर्थ्य बढ़ाने के प्रयासों को निरंतर सहयोग प्रदान करने केलिए प्रतिबद्ध है। जहाज के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन एमएस खुराना ने सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफीफ, विदेश एवं पर्यटन मंत्री सिल्वेस्टर राडेगोंडे, एसडीएफ के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ ब्रिगेडियर माइकल रोसेट और सेशेल्स तटरक्षक बल के कमांडर कर्नल जीन अटाला से मुलाकात की। आईएनएस कोलकाता ने अपने ठहराव के दौरान एसडीएफ को डोर्नियर एयरक्राफ्ट के दो इंजन सौंपे, जिन्हें हैदराबाद के हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड में ओवरहाल किया गया था। एससीजी जहाजों के रखरखाव केलिए सेशेल्स तटरक्षक बल को इंजीनियरिंग पुर्जों का एक सेट भी दिया गया। आईएनएस कोलकाता ने बड़ी संख्या में आगंतुकों और स्कूली बच्चों की मेजबानी की, जो भारतीय नौसेना के इस आधुनिक विध्वंसक पोत की क्षमताओं को देखकर प्रसन्न हुए।
सेशेल्स में योग के प्रति उत्साही लोगों ने नौसैनिक पोत के डेक पर योग सत्र के अनूठे अनुभव का आनंद लिया। एससीजी कर्मियों ने सेशेल्स वायुसेना के डोर्नियर मैरीटाइम पेट्रोल विमान केसाथ सेशेल्स के विशेष आर्थिक क्षेत्र में संयुक्त निगरानी अभियान चलाने के लिए 29 से 3 जुलाई तक आईएनएस कोलकाता की संचालन गतिविधियों में हिस्सा लिया। इस दौरान आईएनएस कोलकाता ने भारतीय नौसेना के प्रदान किए जा रहे प्रशिक्षण सहयोग कार्यक्रम केतहत एससीजी के कर्मियों को परिचालन प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान की। ज्ञातव्य हैकि भारत और सेशेल्स केबीच दीर्घकालीन द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और भी सकारात्मक बढ़ावा तब मिला था, जब हाल हीमें भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरिकुमार ने अप्रैल में सेशेल्स की यात्रा की थी। इसके बाद राष्ट्रीय दिवस समारोह में भाग लेने केलिए सेशेल्स में आईएनएस कोलकाता की तैनाती, तकनीकी सहायता की उपलब्धता तथा इस दौरान सेशेल्स रक्षा बल केसाथ पर्याप्त परिचालन गतिविधियों ने द्विपक्षीय रक्षा सहायता के पैमाने तथा दायरे को और बढ़ा दिया है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]