स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत और ऑस्ट्रेलिया ने बढ़ाया रक्षा सहयोग

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की ऑस्ट्रेलियाई रक्षामंत्री संग द्विपक्षीय बैठक

भारत-ऑस्ट्रेलिया में व्यापक रणनीतिक और रक्षा साझेदारी की समीक्षा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 22 June 2022 02:58:48 PM

defense ministers of india and australia

नई दिल्ली। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलिया के उप-प्रधानमंत्री एवं रक्षामंत्री रिचर्ड मार्लेस ने आज नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक की। दोनों मंत्रियों ने दोनों देशों के बीच वर्तमान रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा की, जो कोविड-19 महामारी की चुनौतियों के बावजूद बढ़ती रही है। भारत-ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्रियों ने भारत-ऑस्ट्रेलिया विस्तृत रणनीतिक साझेदारी के रक्षा एवं सुरक्षा स्तंभों की समीक्षा की और पारस्परिक विश्वास एवं समझदारी, समान हितों तथा साझा मूल्यों, लोकतंत्र तथा विधि के शासन पर आधारित विस्तृत रणनीतिक साझेदारी को क्रियांवित करने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। ऑस्ट्रेलियाई रक्षामंत्री रिचर्ड मार्लेस 20 से 23 जून तक भारत यात्रा पर हैं। वे गोवा शिपयार्ड लिमिटेड गए, जहां उन्होंने स्वदेशी ड्रोन विकास तथा स्वायत वाहन टेक्नोलॉजी में भारत की बढ़ती शक्ति के प्रदर्शन को देखा।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के रक्षा मंत्रियों ने रक्षा अभ्यासों तथा दोनों देशों के बीच आदान-प्रदान की विविधता का स्वागत किया और भारत-ऑस्ट्रेलिया पारस्परिक लॉजिस्टिक सहायता व्यवस्था के माध्यम से संचालन सहयोग प्रारंभ करने पर बातचीत की। दोनों ने रक्षा अनुसंधान तथा सामग्री सहयोग पर भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त कार्यसमूह को प्रोत्साहित करने केलिए प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस समूह की बैठक ऑस्ट्रेलिया में इस वर्ष के अंत में होगी। संयुक्त कार्यसमूह रक्षा उद्योगों केबीच संबंधों को बढ़ाने की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। दोनों मंत्रियों ने सप्लाई चैन की लचीलता बढ़ाने तथा अपने रक्षाबलों को क्षमता प्रदान करने केलिए भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने भारत-ऑस्ट्रेलिया के रक्षा औद्योगिक आधारों केबीच अवसरों को बढ़ाने के उपायों पर सहमति व्यक्त की।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलियाई रक्षामंत्री रिचर्ड मार्लेस ने ऐतिहासिक जनरल रावत युवा अधिकारी आदान-प्रदान कार्यक्रम 2022 के उत्‍तरार्ध में प्रारंभ करने की योजना का स्वागत किया, इसकी घोषणा 21 मार्च 2022 को दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों केबीच वर्चुअल शिखर बैठक के दौरान की गई थी। भारत और ऑस्ट्रेलियाई रक्षामंत्री ने रणनीतिक चुनौतियों तथा क्षेत्रीय सुरक्षा की स्थिति का जायजा लिया और स्वतंत्र, मुक्त, समावेशी एवं समृद्ध तथा नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र के साझा उद्देश्यों को दोहराया। दोनों ने अक्टूबर 2022 में ऑस्ट्रेलिया के भारत-प्रशांत प्रयास अभ्यास में भारत की भागीदारी को लेकर आशा जताई। इससे पहले रिचर्ड मार्लेस राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाकर वहां शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंन गार्ड ऑफ ऑनर का निरीक्षण भी किया। बैठक में तीनों सेना प्रमुख, रक्षा सचिव डॉ अजय कुमार और रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ इंडिया के अध्यक्ष डॉ जी सतीश रेड्डी भी मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]