स्वतंत्र आवाज़
word map

अटल टनल बीआरओ का इंजीनियरिंग चमत्कार!

नई दिल्ली में 'बेस्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट' पुरस्कार प्रदान किया गया

लाहौल और स्पीति जिले के निवासियों के लिए टनल एक वरदान

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 29 April 2022 11:24:43 AM

bro best infrastructure project award

नई दिल्ली। रोहतांग (हिमाचल प्रदेश) में सीमा सड़क संगठन के इंजीनियरिंग मार्वल अटल टनल को नई दिल्ली में इंडियन बिल्डिंग कांग्रेस 'बेस्ट इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट' का पुरस्कार दिया गया है। प्रतिष्ठित पुरस्कारों केलिए तीस से अधिक अत्याधुनिक अवसंरचनाओं को नामांकित किया गया था। इस रणनीतिक सुरंग को 2021 में बेस्ट प्रोजेक्ट्स फ़ॉर एक्सीलेंस इन ब्युल्ट एनवायरनमेंट के तौरपर आईबीसी की जूरी ने चुना था। सीमा सड़क संगठन यानी बीआरओ के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राजीव चौधरी ने मनाली को लाहौल-स्पीति घाटी से जोड़ने वाले अटल टनल की शानदार उपलब्धि केलिए आईबीसी के 25वें वार्षिक सम्मेलन में यह पुरस्कार प्राप्त किया। अटल टनल के निर्माण को इंजीनियरिंग का चमत्कार बताया जा रहा है।
सीमा सड़क संगठन के महानिदेशक ने इस अवसर पर कहाकि महत्वपूर्ण लद्दाख क्षेत्र को वैकल्पिक संपर्क प्रदान करके सशस्त्र बलों को रणनीतिक लाभ प्रदान करने के अलावा यह सुरंग हिमाचल प्रदेश में लाहौल और स्पीति जिले के निवासियों केलिए एक वरदान है। उन्होंने कहाकि इस क्षेत्र में पर्यटकों के आगमन में अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई है और एक वर्ष से थोड़ा अधिक समय में घाटी और राज्य ने सामाजिक-आर्थिक डोमेन में तेज़ी से वृद्धि देखी है और अटल सुरंग क्षेत्रके भविष्य के विकास में एक निर्णायक भूमिका निभाने केलिए नियत है। न्यू ऑस्ट्रियन टनलिंग मेथड का उपयोग करके बनाई गई इस सुरंग को 3 अक्टूबर 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया था। इसे एक सेमी-ट्रांसवर्स वेंटिलेशन सिस्टम से लैस किया गया है, जहां बड़े-बड़े पंखे अलग से पूरी सुरंग में हवा प्रसारित करते हैं।
आपात स्थिति में अटल टनल से निकासी केलिए मुख्य कैरिजवे के नीचे सुरंग क्रॉस-सेक्शन में एक आपातकालीन सुरंग को एकीकृत किया गया है। सुरंग के अंदर आग की स्थिति में आग को 200 मीटर के क्षेत्रमें ही नियंत्रित कर दिया जाएगा। अटल सुरंग में विशिष्ट स्थानों पर अग्नि शामक उपलब्ध कराए गए हैं। प्रदूषण सेंसर अटल सुरंग में हवा की गुणवत्ता की लगातार निगरानी करते हैं एवं यदि सुरंग में हवा की गुणवत्ता वांछित स्तर से नीचे है तो सुरंग के प्रत्येक तरफ दो भारी भरकम पंखों की मदद से ताजी हवा को सुरंग में प्रवाहित कर दिया जाता है। अटल टनल सीमा सड़क संगठन का ऐसा विलक्षण प्रोजेक्ट है, जिसे अत्यंत सुरक्षित और हर एक दृष्टि से चमत्कारिक माना जाता है। यह भारत के ख्यातिप्राप्त प्रोजेक्ट्स मेसे एक है। 

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]