स्वतंत्र आवाज़
word map

'भारत को विश्व का कंटेंट उपमहाद्वीप बनाना है'

दुबई में भारतीय लोग भारत के असली ब्रांड एंबेसडर-सूचना मंत्री

दुबई एक्सपो में भारतीय मीडिया व मनोरंजन उद्योग की चमक

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 29 March 2022 01:25:34 PM

issam kazim and anurag thakur

दुबई। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने दुबई एक्सपो-2020 में भव्य इंडिया पवेलियन में 'भारतीय मीडिया और मनोरंजन उद्योग की वैश्विक पहुंच' पर अभिनेता रणवीर सिंह केसाथ बातचीत की। सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहाकि दुबई में भारतीय लोग भारत के असली ब्रांड एंबेसडर हैं और 1.7 मिलियन दर्शकों केसाथ इंडिया पवेलियन ने बड़ी तादाद में लोगों को आकर्षित किया है। उन्होंने कहाकि देश आजादी के 75 साल का जश्न मना रहा है और समारोह केवल भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी आयोजित हो रहे हैं। भारत के सॉफ्ट पावर बनने में फिल्मों के योगदान को स्वीकार करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहाकि भारत कहानी कहने वालों की भूमि है और फिल्म उद्योग ने विदेश के लोगों को बहुत प्रभावित किया है, जो भारत को उसकी फिल्मों की वजह से पहचानते हैं।
सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहाकि उनका उद्देश्य भारत को दुनिया का कंटेंट उपमहाद्वीप बनाना है, इससे भारत में लाखों नौकरियों के अवसर पैदा हो सकते हैं और पूरी दुनिया केलिए कंटेंट तैयार करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने विभिन्न फिल्मों में किए अभिनय को याद करते हुए रणवीर सिंह को अभिनय प्रतिभा का पावरहाउस बताया। रणवीर सिंह ने कहाकि भारतीय कंटेट वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कगार पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहाकि भारतीय मनोरंजन दुनियाभर में तेजीसे विस्तार कर रहा है, हमारी कहानियां लोगों से सीधे जुड़ती हैं और सांस्कृतिक सीमाओं को पार कर जाती हैं, इतना ही नहीं विदेश में रहने वाले भारतीय फिल्मों के माध्यम से भारत के साथ जुड़ते हैं। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने रणवीर सिंह केसाथ दुबई एक्सपो-2020 में इंडिया पवेलियन का दौरा किया। उन्होंने दुबई पर्यटन और वाणिज्य विपणन निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी इसाम काजिम केसाथ पर्यटन क्षेत्र के संबंध में दुबई को दुनिया का एक पसंदीदा पर्यटन गंतव्य बनाने केलिए अपनाई गई विभिन्न रणनीतियों पर चर्चा की।
अनुराग ठाकुर ने एक्सपो के आयोजन केलिए दुबई की सराहना की, जो महामारी के बावजूद काफी सफल रहा है। दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर दुबई के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहाकि भारतीयों ने महामारी के वर्षों में लंदन जैसी पश्चिमी राजधानियों की बजाय दुबई केलिए उड़ान भरना पसंद किया। इस दौरान दुबई कॉरपोरेशन फॉर टूरिज्म एंड कॉमर्स मार्केटिंग के मुख्य कार्यकारी इसाम काजिम ने कहाकि एक निश्चित लक्ष्य केसाथ निर्णायक नेतृत्व होने के कारण दुबई को यह सफलता हासिल हुई है। उन्होंने कोविड के दौरान दुबई अथॉरिटी की रणनीति केबारे में भी बात की, जब मार्च 2020 में शहर को बंद कर दिया था, अधिकारियों ने पूरी तरह से नई रणनीति अपनाई और प्रतिबंध व प्रोटोकॉल सुनिश्चित किए, यात्रियों केलिए टीकाकरण और पीसीआर टेस्ट अनिवार्य कर दिए गए थे और दुबई पर्यटकों केलिए खुलने वाला पहला शहर था। इसाम काजिम ने इस बात का उल्लेख कियाकि दुबई 2025 तक 25 मिलियन पर्यटकों को आकर्षित करने और दुनिया का सबसे अधिक घूमा जाने वाला शहर बनने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।
इसाम काजिम ने कहाकि यह शहर दुबई की मार्केटिंग जैसे पहलुओं पर विशेष ध्यान केंद्रित करता है, जिससे लोग आने में सहज महसूस करें और व्यवसायों को स्थापित करना आसान हो, दुबई को रहने केलिए सबसे अच्छे शहर के रूपमें प्रचारित किया जाए, एफडीआई को बढ़ावा देने, टेक कंपनियों को न्योता देने, अमीरात एयरलाइंस के माध्यम से कनेक्टिविटी में सुधार और बुनियादी ढांचे का विकास हो। उन्होंने जिक्र कियाकि दुबई भी क्रिप्टो करंसी को लेकर तमाम विकल्पों पर विचार कर रहा है, हालांकि यह अभी जोखिमभरा और कानूनी रूपसे वैध नहीं है। इसाम काजिम ने कहाकि भारत में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, भारत अपने प्रमुख शहरों एवं राज्यों के अनोखे पहलुओं का उपयोग करते हुए उनकी विशेषताओं पर ध्यान केंद्रित कर सकता है, इसके साथही भारत की आईटी प्रतिभा वैश्विक उद्योग को लाभांवित करती है, जिसे सामर्थ्य के रूपमें बढ़ावा दिया जा सकता है। अनुराग ठाकुर ने पर्यटन और मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र में सहयोग के अवसरों पर चर्चा करने केलिए इसाम काजिम को भारत आने का निमंत्रण भी दिया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]