स्वतंत्र आवाज़
word map

भारतीय ओलंपिक एथलीट टोक्यो पहुंचे

खेलमंत्री की शुभकामनाओं के साथ खिलाड़ी रवाना हुए

एथलीटों को मजबूत बने रहना चाहिए-अनुराग ठाकुर

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 19 July 2021 03:29:49 PM

sports minister anurag thakur encouraged the indian team

टोक्यो। टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने के लिए 54 खिलाड़ियों सहित 88 सदस्यीय भारतीय दल टोक्यो पहुंच चुका है। भारतीय टीम की अगवानी केलिए नारिता अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुर्बे सिटी के प्रतिनिधि पहुंचे। केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर एवं खेल राज्यमंत्री निसिथ प्रमाणिक ने इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय दल का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं देकर रवाना किया। बैडमिंटन, तीरंदाजी, हॉकी, जूडो, तैराकी, भारोत्तोलन, जिम्नास्टिक और टेबल टेनिस सहित आठ खेलों के एथलीट और सहयोगी स्टाफ नई दिल्ली से टोक्यो के लिए रवाना हुए, 127 खिलाड़ियों के साथ टोक्यो ओलंपिक में भारत का किसी ओलंपिक में प्रतिस्पर्धा करने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा दल होगा।
खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारतीय दल को संबोधित करते हुए कहा कि टोक्यो ओलंपिक-2020 देश केलिए एक महत्वपूर्ण अवसर है और 135 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं उनके साथ हैं। अनुराग ठाकुर ने खिलाड़ियों से कहा कि वे कुछ चुनिंदा लोग हैं, जिन्हें यह शानदार अवसर मिल रहा है और उन्हें जीवन में अभी लंबा सफर तय करना है, इसलिए उनको अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहिए, लेकिन तनाव न लेते हुए जैसाकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सुझाव दिया है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि एथलीटों को मजबूत बने रहना चाहिए, क्योंकि जब वे किसी प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करते हैं तो यह भावनाओं की लड़ाई होती है और अंततः यह उनकी मानसिक शक्ति ही है, जो उनके प्रदर्शन में दिखाई देगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]