स्वतंत्र आवाज़
word map

रजनीकांत को 51वां दादासाहेब फाल्के सम्मान

सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने की राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा

रजनीकांत तमिल और हिंदी फिल्म जगत के जाने-माने अभिनेता हैं

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 1 April 2021 03:13:42 PM

rajinikanth

नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने वर्ष 2019 के लिए 51वां दादासाहेब फाल्के सम्मान दिग्गज अभिनेता रजनीकांत को देने का ऐलान किया है। सूचना और प्रसारण मंत्री ने रजनीकांत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वह एक प्रतिष्ठित अभिनेता हैं, जिनका पचास वर्ष से भारतीयों के दिलों पर राज है। प्रकाश जावड़ेकर ने इस उपलब्धि पर अभिनेता रजनीकांत को बधाई दी और बताया कि दादासाहेब फाल्के सम्मान उन्हें 3 मई को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों के साथ दिया जाएगा।
सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट करके कहा कि यह बताते हुए खुशी हो रही है कि साल 2019 का दादा साहेब फाल्के सम्मान भारतीय सिने इतिहास के महान अभिनेता में से एक रजनीकांत को दिया जा रहा है, बतौर अभिनेता, प्रोड्यूसर और स्क्रीनराइटर उनका योगदान आइकॉनिक रहा है। प्रकाश जावड़ेकर ने जूरी में आशा भोसले, सुभाष घई, मोहनलाल, शंकर महादेवन और बिस्वजीत चटर्जी को भी धन्यवाद दिया। पुरस्कार की घोषणा करते हुए प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि पुरस्कार के लिए चुनाव सर्वसम्मति से जूरी के सदस्यों ने किया था, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दादासाहेब फाल्के सम्मान से सम्मानित किए जाने पर रजनीकांत को बधाई दी है। एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा है कि कई पीढ़ियों में सामान रूपसे लोकप्रिय, ऐसा व्यक्तित्व जिनके काम की बराबरी बहुत कम लोग कर सकते हैं, विविध भूमिकाएं और आकर्षक व्यक्तित्व ये रजनीकांत हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जताई कि थलाइवा को दादासाहेब फाल्के सम्मान से सम्मानित किया गया है। ज्ञातव्य है कि रजनीकांत भारतीय फिल्म जगत के जाने-माने अभिनेता हैं, वे तमिल और हिंदी फिल्मों में अभिनय करते हैं। इन्‍हें दक्षिण भारत में खासकर तमिलनाडु में भगवान की तरह पूजा जाता है। रजनीकांत की खास शैली और संवाद बोलने का खास अंदाज़ उनकी जनप्रियता तथा आकर्षण का प्रमुख कारण है। अभिनेता रजनीकांत का पूरा नाम शिवाजीराव गायकवाड है, भारतीय क्षेत्रीय फिल्म जगत में काम करने के अलावा वे दूसरे देशों की फिल्मों में भी अभिनय करते हैं। रजनीकांत को वर्ष 2000 में भारत सरकार ने पद्मभूषण से सम्मानित किया था।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]