स्वतंत्र आवाज़
word map

'भारत वैज्ञानिक नवाचारों में अग्रणी देश बना'

विभिन्न क्षेत्रों में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के अनुप्रयोगों का विस्तार

जम्मू विवि में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर राज्यमंत्री का संबोधन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 1 March 2021 02:33:42 PM

minister of state's address on national science day in jammu university

जम्मू। केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास, प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष विभाग में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारत तेजी से वैज्ञानिक नवाचारों में एक अग्रणी देश के रूपमें उभर रहा है। जम्मू विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर मुख्य भाषण देते हुए डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने परिवर्तनकारी और व्यावहारिक निर्णय लिए हैं, जिनसे स्वदेशी वैज्ञानिक नवाचारों को प्रोत्साहन मिला है और जो आत्मनिर्भर भारत के लिए महत्वपूर्ण हैं। इस संदर्भ में उन्होंने आजादी के बाद पहलीबार निजी क्षेत्र के प्रमुखों के लिए भारत की अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी को अनलॉक करने के निर्णय का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नए परमाणु प्रतिष्ठानों की स्थापना को बढ़ावा देने केलिए एटॉमिक एनर्जी और न्यूक्लियर एनर्जी के क्षेत्र में संयुक्त उपक्रमों के साथ आगे बढ़ने के लिए भी मंजूरी दे दी गई है।
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का विषय-‘विज्ञान प्रौद्योगिकी नवाचारों का भविष्य’ था। डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि समकालीन भारत में और दुनिया के अन्य देशों की तेज़ प्रगति पर विचार करना सबसे उपयुक्त है। उन्होंने कोविड वैक्सीन का उदाहरण दिया और कहा कि भारत न केवल स्वदेशी वैक्सीन तैयार करने वाले पहले देशों में हैं, बल्कि अन्य देशों को निर्यात भी कर रहा है। डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह एक विशिष्ट संयोग है कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर इसरो ने पीएसएलवीसी51/एमेजोनिया-1 को लॉंच करके एक और शानदार उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि भारत ने कई देशों के बाद अपनी अंतरिक्ष यात्रा शुरु की, आज हम अमेरिका के नासा की तरह दुनिया के प्रमुख संस्थानों में मंगलयान और चंद्रयान से इनपुट प्रदान करने की स्थिति में हैं। डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है, उन्होंने जीवनयापन को आसान बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के अनुप्रयोगों के विस्तार को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि चाहे वह रेलवे हो या स्मार्ट सिटी, कृषि हो या आपदा प्रबंधन, राजमार्ग हो या रक्षा अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का बड़ा योगदान है।
अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रीय विज्ञान दिवस ऐसे समय में मनाया जा रहा है, जब भारत की आजादी के 75 वर्ष होने वाले हैं और हम अगले 25 वर्ष के लिए योजना बना रहे हैं, जब भारत आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, यह वह समय है, जब भारत एक विश्व महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। जम्मू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मनोज कुमार धर ने विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों की नवीनतम शोध गतिविधियों पर एक रिपोर्ट पेश की, जबकि प्रोफेसर नरेश ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के महत्व के बारे में बताया। प्रोफेसर रजनीकांत ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभागों के मेधावी शोधार्थियों और छात्रों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]