स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत-नाइजीरिया के बीच वेबिनार हुआ

रक्षा निर्यात लक्ष्य के लिए भारत की मित्र देशों से साझेदारी

नाइजीरियाई सशस्त्रबलों के क्षमता निर्माण में योगदान दिया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 26 November 2020 01:58:36 PM

nigeria-india flag

नई दिल्ली। भारत और नाइजीरिया के बीच एक वेबिनार हुआ, जिसका विषय ‘सहयोगात्मक भागीदारी के लिए भारतीय रक्षा उद्योग ग्लोबल आउटरीच : वेबिनार और एक्सपो’ था। इसका आयोजन सोसायटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्यूफैक्चर्सस के माध्यम से रक्षा उत्पादन विभाग रक्षा मंत्रालय ने किया था। यह उस वेबिनार श्रृंखला का हिस्सा था, जो अगले पांच वर्ष में भारत के रक्षा निर्यात को बढ़ावा देने और पांच बिलियन डॉलर के रक्षा निर्यात के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विदेशी मित्र देशों के साथ आयोजित किए जा रहे हैं। नाइजीरिया के रक्षा मंत्रालय के स्थायी सचिव, भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (रक्षा उत्पादन), नाइजीरिया में भारत के उच्चायुक्त, भारत में नाइजीरियाई के कार्यवाहक प्रमुख और दोनों पक्षों के रक्षा मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों ने इस वेबिनार में हिस्सा लिया और दोनों देशों के बीच मधुर, मैत्रीपूर्ण और करीबी संबंधों के बारे में चर्चा की।
अतिरिक्त सचिव (रक्षा उत्पादन) संजय जाजू ने इस अवसर पर कहा कि भारत ने प्रारंभिक वर्षों से नाइजीरियाई सशस्त्र बलों के क्षमता निर्माण में योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार आने वाले वर्ष में सहयोग और सह उत्पादन के माध्यम से रक्षा क्षेत्र में इस रणनीतिक भागीदारी को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है। वेबिनार में विभिन्न भारतीय कंपनियों भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, भारत डायनामिक्स लिमिटेड, गोवा शिपयार्ड लिमिटेड, हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड, सोलर इंडस्ट्रीज, एमकेयू, महिंद्रा डिफेंस, लार्सन एंड टुर्ब्रो, भारत फोर्ज, अशोक लेलैंड की कंपनी और उत्पादों की बड़े मंचों एवं उपकरणों पर प्रस्तुतियां दी गईं। वेबिनार में 150 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, इसके अलावा एक्सपो में 100 वर्चुअल प्रदर्शनियों के स्टॉल लगाए गए थे। 

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]