स्वतंत्र आवाज़
word map

पावरग्रिड निदेशक सीमा गुप्ता को स्टेवी अवार्ड

इंजीनियरिंग क्षेत्र में महिलाओं के लिए प्रेरणा और रोल मॉडल

दुनिया का प्रमुख व्यावसायिक मान-सम्मान है स्टेवी अवार्ड्स

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 15 October 2020 12:27:28 PM

powergrid director seema gupta

नई दिल्ली। भारत सरकार में विद्युत मंत्रालय के सार्वजनिक उपक्रम पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की निदेशक (संचालन) सीमा गुप्ता कारोबारी महिलाओं के लिए 17वें वार्षिक स्टेवी अवार्ड्स में लाइफटाइम अचीवमेंट बिजनेस श्रेणी में गोल्डन स्टेवी अवार्ड के लिए चुनी गई हैं। गौरतलब है कि स्टेवी अवार्ड्स के तहत कारोबारी महिला कार्यकारी अधिकारियों, उद्यमियों, कर्मचारियों और महिलाओं की संचालित वैश्विक कंपनियों को सम्मानित किया जाता है। स्टेवी अवार्ड्स दुनिया का प्रमुख व्यावसायिक सम्मान माना जाता है। इस वर्ष के लिए स्वर्ण, रजत और कांस्य स्टेवी पुरस्कारों के विजेताओं का निर्णय विश्व के 180 से अधिक व्यावसायिक पेशेवरों के औसत स्कोर के आधार पर किया गया है।
स्टेवी अवॉर्ड के लिए सीमा गुप्ता के नाम की सिफारिश करते हुए जूरी ने सामान्य तौरपर पुरुषों के वर्चस्व वाले प्रमुख उद्योग में उनकी बेहतरीन आजीवन उपलब्धियों, कार्य क्षेत्र में सतत उत्कृष्ट क्षमता प्रदर्शन और कंपनी की सफलता में उनकी भूमिका के लिए प्रशंसा की। जूरी ने कहा कि उनका करियर और उपलब्धियां उनके समर्पण एवं दृढ़ संकल्प को दिखाती हैं। जूरी ने उन्हें इंजीनियरिंग क्षेत्र में भारत की महिलाओं के लिए प्रेरणा और एक रोल मॉडल के रूपमें भी देखा। जूरी ने सुव्यवस्थित, अपने क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता के साथ काम करने के लिए विशेषीकृत और अपनी व्यावसायिक सेवाओं को बहुत ही पेशेवर तरीके से करने के लिए पावरग्रिड की भी प्रशंसा की। सीमा गुप्ता को 9 दिसंबर 2020 को एक वर्चुअल सम्मान समारोह में यह अवॉर्ड दिया जाएगा। यह वैश्विक मान्यता सीमा गुप्ता के उत्कृष्ट करियर की एक और उपलब्धि है।
सीमा गुप्ता को इससे पहले 2017 में भारत के राष्ट्रपति ने सार्वजनिक क्षेत्र के उद्यमों में उत्कृष्ट महिला प्रबंधकों के लिए विशेष प्रशंसा पुरस्कार से सम्मानित किया था और मलेशिया में आईटीओएमएस-2018 सम्मेलन में उन्हें सर्वश्रेष्ठ योगदानकर्ता घोषित किया गया था। विश्व की सबसे बड़ी बिजली पारेषण (पॉवर ट्रांसमिशन) कंपनियों में शामिल पावरग्रिड भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण वाली एक महारत्न केंद्रीय लोक उद्यम है और भारत की केंद्रीय ट्रांसमिशन सेवा है। पॉवर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड कंपनी के देशव्यापी ट्रांसमिशन नेटवर्क में 30 सितंबर 2020 तक 1,681,40 किलोमीटर ट्रांसमिशन लाइनें, 4,198,15 एमवीए परिवर्तन क्षमता (ट्रांसफॉरमेशन कैपेसिटी) के साथ 252 सबस्टेशन शामिल थे। इस विशाल नेटवर्क का वर्षों से 99.5 प्रतिशत से ज्यादा उपलब्धता के साथ प्रबंधन किया जा रहा है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]