स्वतंत्र आवाज़
word map

उपग्रह क्षेत्र में निजी कंपनियों को भी अवसर

उपग्रह प्रक्षेपण और अंतरिक्ष की गतिविधियों में भी भागीदारी

इच्छुक कंपनियां आवेदन के लिए वेब लिंक पर जाएं-इसरो

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 12 October 2020 01:01:30 PM

dr jitendra singh

नई दिल्ली। केंद्रीय अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा है कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन अपनी सुविधाओं को निजी क्षेत्र के लिए खोलने को पूरी तरह तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतरिक्ष विभाग में हुए महत्वपूर्ण ऐतिहासिक सुधारों का जिक्र करते हुए डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि संभवत: स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार ग्रहों से संबंधित अनुसंधान की भविष्य की परियोजनाएं, बाहरी अंतरिक्ष की यात्राएं आदि निजी क्षेत्र के लिए खोल दी जाएंगी।
अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह कदम भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मोदी सरकार के आत्मनिर्भर भारत अभियान का हिस्सा है, इसमें अंतरिक्ष गतिविधियों में निजी क्षेत्र की भागीदारी को बढ़ावा देने की पहल की परिकल्पना की गई है। डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय निजी क्षेत्र भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की यात्रा में सहयात्री होंगे, निजी कंपनियों को उपग्रह प्रक्षेपण और अंतरिक्ष आधारित गतिविधियों में बराबरी का अवसर प्रदान किया जाएगा। डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि नए सुधार देश में अंतरिक्ष संबंधी गतिविधियों को आपूर्ति आधारित मॉडल से मांग आधारित मॉडल में बदलने की कोशिश करेंगे।
डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र के निर्माण के साथ हमारे पास इसके लिए एक निश्चित तंत्र होगा और निजी क्षेत्र को अपनी क्षमता में सुधार करने के लिए इसरो की सुविधाओं तथा अन्य प्रासंगिक संपत्तियों का उपयोग करने की अनुमति होगी। डॉ जितेंद्र सिंह ने बताया कि निजी उद्योगों और स्टार्ट-अप को अपना आवेदन जमा करने के लिए एक वेब लिंक प्रदान किया गया है, जिसकी जांच एक उच्चस्तरीय समिति करेगी।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]